पावनसिटी खंडवा

खंडवा – सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग और वाल्मी संस्था द्वारा संचालित “नशामुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जिला स्तरीय मास्टर वालंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत सभाकक्ष, खंडवा में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा प्रशिक्षित वालंटियर्स के माध्यम से लोगों तक नशामुक्त भारत का प्रभावी संदेश पहुंचाना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भोपाल के राज्य स्तरीय प्रशिक्षक डॉ मनोज अग्रवाल ने कहा कि अधिकांश युवा गलत संगत के कारण नशे की गिरफ्त में आते हैं और अक्सर नशे की शुरुआत किसी मित्र के माध्यम से ही होती है। इसलिए किशोर एवं युवावस्था में विशेष सतर्कता और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में हे तो हमारा यह कर्तव्य हे कि उसे हम नशे से बाहर निकाले । नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को प्रभावित करता है। ऐसे परिवारों को बचाने के लिए समाज में निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है, जिसमें मास्टर वालंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है।

प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में प्रजापिता ईश्वरीय ब्रम्हाकुमारीज विश्व विद्यालय शाखा खंडवा की बी के शक्ति दीदी के नेतृत्व में नशा मुक्ति संबंधित नुक्कड़ नाटक का आयोजन सुशीला दीदी, सुनील तीर्थंक एवं अन्य के द्वारा किया गया। सहायक संचालक सामाजिक न्याय श्री नीरज पाराशर ने नशे के विभिन्न प्रकारों तथा उनके शरीर एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रेमप्रित कौर ने बताया कि यदि आपके आसपास कहीं नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित हो रहा हो, तो उसकी सूचना 1933 टोल फ्री हेल्पलाइन अथवा “मानस” पोर्टल के माध्यम से दी जा सकती है। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के अधिकारी, कर्मचारी, महिला बाल विकास विभाग से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, नगरपालिका के कर्मचारीगण, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, कॉलेज के एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. छात्र-छात्राऐं, स्वास्थ विभाग के कर्मचारी गायत्री परिवार प्रजापति ब्रह्मकुमारी के सदस्य आदि उपस्थित रहे जिन्होंने नशा को दूर करने के लिए अपना पूरा योगदान देने के लिए शपथ ग्रहण की। अंत में सभी वालंटियर्स को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

Leave a Reply