पावनसिटी हरदा
मो.-9425045481
सख्त कार्रवाई व जागरूकता के दिए निर्देश
हरदा– नशा मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सोमवार को कलेक्टर कुमार सत्यम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ नरोत्तम भार्गव, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार एवं श्रीमती अनुपमा चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर कुमार सत्यम ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। नशे से पीड़ित व्यक्ति को सजा की नहीं, समझाइश की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग और महाविद्यालयों को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और नुक्कड़ नाटक आयोजित कर छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जाए। शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू व नशीले पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए।
कलेक्टर ने कहा कि मेंटर अधिकारी समय-समय पर अपने कार्य क्षेत्र में नशा मुक्ति अवेयरनेस कैम्प लगाएं और अधिक से अधिक युवाओं व पालकों को जागरूक करें। जिले में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर एवं किसान चौपाल में भी नशा मुक्ति जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। बच्चों को नशा मुक्ति जागरूकता संबंधी शॉर्ट फिल्म भी दिखाई जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जायसवाल ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के आसपास कैमरे अवश्य लगे हों, यह सुनिश्चित किया जाए। नशे की लत से ग्रस्त व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय विभाग को निर्देशित किया कि ऐसे व्यक्तियों को नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से उचित परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाए। बैठक में बताया गया कि टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर *1933* पर कॉल करके भी नशा मुक्ति संबंधी परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।







