पावनसिटी हरदा
हरदा -प्रदेशव्यापी ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती जी चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर जय पुजारी और उनकी टीम के कलाकारों द्वारा जल और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित गरिमामयी प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजलि जोसेफ ने जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह ने अपने संबोधन में कहा कि जल ही जीवन का आधार है। हमें अपनी नदियों, तालाबों और पारंपरिक जल स्रोतों को सहेजने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि बूंद बूंद को हमें बचाना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि जल को बचाने के लिए हर व्यक्ति को प्रयास करना होगा, जब तक हर व्यक्ति निश्चित नहीं कर लें कि जल को भविष्य के लिए बचाना है हर नागरिक के संकल्प से ही जल को बचाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, जिला पंचायत सदस्य कमलेश सेजकर, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

