पावनसिटी हरदा
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर  पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम कुड़ावा निवासी रघुवीर राजपूत ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर खेत में जाने हेतु रास्ते की मांग की, जिस पर तहसीलदार खिरकिया को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। खिरकिया के वार्ड क्रमांक 1 के नागरिकों ने आम रास्ते पर अतिक्रमण के संबंध में शिकायत की, जिस पर उन्होने तहसीलदार खिरकिया को मामले की जांच कर आवेदकों की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में टिमरनी निवासी अशोक कुमार बिल्लोरे ने अपनी भूमि का नक्शा दुरूस्त कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर एसडीएम टिमरनी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में हरदा निवासी संतोषीबाई ने विद्युत बिल अधिक आने के संबंध में शिकायत की, जिस पर महाप्रबन्धक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी ने आवेदिका की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये।

जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक 29 अप्रैल को*
हरदा – जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक 29 अप्रैल को होगी। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने बताया कि यह बैठक जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह की अध्यक्षता में दोपहर 3 बजे से आयोजित की गई है।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयीन प्रवेश प्रक्रिया 1 मई से प्रारंभ
हरदा – उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों एवं एनसीटीई पाठ्यक्रम संचालित करने वाले महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 1 मई से 30 जून 2026 तक संचालित की जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए, प्रवेश प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए इस वर्ष भी इसे तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, इसमें दो केंद्रीकृत चरण एवं एक सीएलसी (कॉलेज लेवल काउंसलिंग) चरण सम्मिलित रहेगा। विद्यार्थी मोबाइल ऐप (ई-प्रवेश) एवं ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। विशेष बात यह है कि इस सत्र से विद्यार्थी आज से ही ई-प्रवेश ऐप के माध्यम से पंजीयन प्रारंभ कर सकते हैं, जबकि विकल्प चयन 1 मई से प्रारंभ होगा।
विद्यार्थियों के लिए प्रवेश को अधिक सुलभ बनाने के लिए, पंजीयन शुल्क एनसीटीई एवं परंपरागत पाठ्यक्रमों के लिए 100 रूपये निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी पोर्टल शुल्क पूर्णतः समाप्त रहेगा। प्रथम चरण में छात्राओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा द्वितीय चरण से सभी विद्यार्थियों के लिए पंजीयन शुल्क 150 रूपये निर्धारित किया गया है। साथ ही ऐसे विद्यार्थी जो स्वयं पंजीयन नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ निःशुल्क पंजीयन सुविधा उपलब्ध रहेगी। विद्यार्थियों की सहायता के लिए विभाग द्वारा 24 ग 7 हेल्पलाइन, टोल-फ्री नंबर एवं हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को सुगम, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सके। इसी तारतम्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप, इस वर्ष एक महत्वपूर्ण नवाचार किया गया है। अब अन्य संकाय में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को साक्षात्कार आधारित पात्रता का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 27 अप्रैल से 14 मई 2026 तक जिले के अग्रणी महाविद्यालयों में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। प्रवेश पूर्व वर्ष की भांति मेजर विषय के आधार पर दिया जाएगा, जबकि विद्यार्थी अपनी रुचि अनुसार माइनर एवं मल्टी डिसिप्लिनरी विषयों का चयन कर सकेंगे।
विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए, प्रथम आवंटन सूची 20 मई 2026, द्वितीय आवंटन सूची 7 जून 2026 और तृतीय आवंटन सूची 23 जून 2026 को जारी की जाएगी।

कक्षा 5वीं, 8वीं की पुनःपरीक्षा 1 जून से
राज्य शिक्षा केन्द्र ने परीक्षा को लेकर जारी की समय सारिणी
*परीक्षा से पूर्व अतिरिक्त शिक्षण की व्यवस्था कराई जाएगी सुनिश्चित*
हरदा – शिक्षण सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण/अनुपस्थित कक्षा 5वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों के लिए पुनः परीक्षा होगी। यह परीक्षा 1 से 6 जून 2026 के बीच होगी। इसमें प्रदेश के सभी शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त शालाओं और पंजीकृत मदरसों में अध्ययनरत कक्षा 5वीं व 8वीं के विद्यार्थी शामिल होंगे। इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र ने दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
*राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र*
कक्षा 5वीं एवं 8वीं की दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी अपना प्रवेश पत्र राज्य शिक्षा केन्द्र के परीक्षा पोर्टल www.rskmp.in के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। पुनः परीक्षा के लिए शाला प्रमुख, जनशिक्षा केन्द्र प्रभारी अथवा बी.आर.सी.सी., डी.पी.सी. के लॉगिन अंतर्गत परीक्षा पोर्टल से परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा रहेगी। सभी बी.आर.सी.सी. को निर्देशित किया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके ब्लॉक के सभी विद्यार्थियों को संबंधित शाला के प्रधान पाठक के माध्यम से 25 मई तक प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त हो जाएं।
संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र श्री हरजिंदर सिंह ने बताया कि जारी निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा आयोजन से पूर्व शाला स्तर पर विषयवार अतिरिक्त शिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। परीक्षार्थियों द्वारा पूर्व में प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण नहीं करने अथवा प्रोजेक्ट कार्य में 7 से कम अंक होने की स्थिति में छात्रों से अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे विषयों के प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण करवाकर शाला स्तर पर मूल्यांकन किया जाए एवं प्रोजेक्ट के प्राप्तांकों की प्रविष्टि परीक्षा पोर्टल पर कराई जाएगी।
जन शिक्षा केन्द्र स्तर पर होंगे परीक्षा केन्द्र
कक्षा 5वीं व 8वीं की पुनः परीक्षा के लिए परीक्षा केन्द्र केवल जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर बनाए जाएंगे। अगर किसी जिले में किसी परीक्षा केन्द्र पर 500 से अधिक परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हों तो उस स्थिति में राज्य शिक्षा केन्द्र से अनुमति उपरांत दूसरा परीक्षा केन्द्र निर्धारित किया जा सकेगा। परीक्षा केन्द्र निर्धारण उपरांत शाला की मैपिंग संबंधित बी.आर.सी.सी. द्वारा 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रश्न पत्रों का परीक्षा केन्द्रों पर ही होगा स्थल मुद्रण
दोबारा परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों की ऑन स्पॉट प्रिंटिंग निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर ही की जाएगी। परीक्षा पोर्टल से प्रश्नपत्रों को डाउनलोड एवं प्रिंट करने के लिए जिला परियोजना समन्वयक नोडल अधिकारी होंगे। इस सबंध में संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र ने निर्देशित किया है कि, निर्धारित परीक्षा केन्द्र पर न्यूनतम 2 कम्प्यूटर/लैपटॉप, 2 कार्यशील प्रिंटर, इंटरनेट, पर्याप्त ए-4 साईज पेपर, टोनर की उपलब्धता एवं सुगम विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुनरू परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की परीक्षा में उपस्थिति एवं परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित शाला प्रमुख/शिक्षक को दी गई है।
*गर्मी से सुरक्षा के लिए होंगी आवश्यक व्यवस्थाएं*
राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही नियमित अंतराल पर बच्चों को पानी पिलाये जाने, लू-लपट व डिहाईड्रेशन से सुरक्षित रखने के लिए परीक्षा केन्द्रों में ओरल रिहाईड्रेशन साल्यूशन (ओ.आर.एस.) की उपलब्धता, पंखों की व्यवस्था एवं स्वास्थ्य संबंधी विषय स्थिति परिलक्षित होने की स्थिति में निकटस्थ स्वास्थ्य केन्द्र अथवा अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply