हरदा- कृषि उपज मंडी हरदा में 1 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले ‘बलराम कृषि महोत्सव’ की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सिद्धार्थ जैन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उप संचालक कृषि प्रकाश ठाकुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए मंच व्यवस्था, मंच संचालन, रंगोली एवं सजावट, पुष्प सज्जा, अतिथियों की बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, किसानों के लिए जलपान एवं पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, परिवहन, प्रदर्शनी, इंटरनेट एवं लाइव टेलीकास्ट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को सौंपी गई है।
कलेक्टर जैन ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कार्यक्रम से एक दिन पूर्व ही सुनिश्चित करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया है।
बलराम महोत्सव में किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं, आधुनिक तकनीकों तथा विभागीय गतिविधियों की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।

