खण्डवा- दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय खंडवा में “डे केयर सेंटर” कीमोथेरेपी यूनिट स्थापित की गई है। कैंसर प्रोग्राम नोडल अधिकारी डॉ. विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि पुराने आई.सी.यू. वार्ड में कुल 4 बेड का कीमोथेरेपी यूनिट संचालित किया जा रहा है। यहां मरीजों को सुबह भर्ती कर कीमोथेरेपी दी जाती है तथा शाम तक डिस्चार्ज कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि पहले खण्डवा के मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए बड़े शहरों के महंगे अस्पतालों में जाना पड़ता था, वहां मरीज के साथ साथ परिजनों के आने जाने और रूकने पर काफी खर्चा होता था। अब खण्डवा के सरकारी अस्पताल में ही यह सुविधा निःशुल्क मिलने से मरीजों को काफी राहत मिली है। गुरूवार को भी कुल 4 मरीजों को कीमोथेरेपी यूनिट में भर्ती कर कैंसर प्रोग्राम के नोडल अधिकारी डॉ. विशाल श्रीवास्तव के ऑब्जर्वेशन में मरीजों को कीमोथेरेपी दी गई।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि यहां पर 20 प्रकार की दवाइयां तथा इंजेक्शन भी शासन तरफ से उपलब्ध हैं, जो बहुत महंगे होते हैं, पर मरीज को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल की कीमोथेरेपी यूनिट में सर्वाइकल कैंसर, स्तन कैंसर, ओरल कैंसर, पेट का कैंसर, आहार नली का कैंसर, पैंक्रियाज का कैंसर एवं अन्य प्रकार के कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी सुविधा प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि कैंसर के मरीज फॉलोअप के लिए भी जिला अस्पताल में नियमित रूप से आते हैं, तथा उनका हर 3 एवं 6 महीने में फॉलोअप किया जाता है। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन एवं बायोप्सी की सुविधा भी उपलब्ध है। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि जिन मरीजों को रेडिएशन उपचार की जरूरत पड़ती है, उन्हें इंदौर या अन्य बड़े शहरों में भेजना पड़ता है।

गुरूवार को खण्डवा के जिला अस्पताल में दूध तलाई निवासी 65 वर्षीय नुसरत बानो अपनी बेटी शिबा नाज के साथ कीमोथेरेपी करने आई थी। नुसरत बानो ने बताया कि उसका 2019 से मुंबई में ब्रेस्ट कैंसर का इलाज चल रहा है, जिसमें काफी खर्चा हो गया। नुसरत बानो ने बताया कि जबसे उसे जिला चिकित्सालय खंडवा में ही कीमोथेरेपी की निःशुल्क सुविधा के बारे में पता चला, वह नियमित रूप से खण्डवा के अस्पताल में ही कीमोथेरेपी करवा रही हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड धारक होने से इंजेक्शन एवं दवाइयां भी हमें निःशुल्क मिल जाते हैं। नुसरत बानो नोडल अधिकारी डॉ. विशाल श्रीवास्तव, सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल एवं नर्सिंग ऑफिसर ममता कनाडे सहित सम्बंधित डॉक्टर्स एवं पैरामेडिकल स्टाफ का आभार प्रकट करती है।

Leave a Reply