मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले में 19 और 20 अप्रैल को सामूहिक विवाह कार्यक्रम
हरदा – प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत जिले में 19 व 20 अप्रैल को सामूहिक विवाह व निकाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सामूहिक विवाह के लिए विशाल पंडाल व पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं कर ली गई है। इस दो दिवसीय आयोजन में क्षेत्र के कई जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। जारी कार्यक्रम अनुसार 19 अप्रैल को जनपद पंचायत हरदा द्वारा ग्राम अबगांवखुर्द में 135 जोड़े, नगर पालिका परिषद टिमरनी द्वारा कृषि उपज मण्डी टिमरनी में 43 जोड़े तथा जनपद पंचायत खिरकिया द्वारा ग्राम मांदला में 22 जोड़े का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार 20 अप्रैल को जनपद पंचायत हरदा द्वारा अबगांवखुर्द में 29 जोड़े, नगर पालिका परिषद टिमरनी द्वारा कृषि उपज मण्डी टिमरनी में 151 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम तथा नगर पालिका परिषद खिरकिया द्वारा कृषि उपज मण्डी के पास खिरकिया में 20 जोड़ों का सामूहिक निकाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अवैध उत्खनन व परिवहन में संलग्न दो ट्रैक्टर ट्राली जप्त
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की कार्यवाही लगातार जारी हैं। शनिवार को सहायक खनिज अधिकारी चैनसिंह डामोर एवं खनिज निरीक्षक देवेन्द्रसिंह की टीम ने आकस्मिक जांच के दौरान ग्राम छीपानेर में खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर ट्राली पाई। इनके नंबर क्रमशः एमपी 47 एएच 3510 एवं ट्रैक्टर ट्राली डीजी ट्रैक 43 पीपीआई बिना नम्बर ब्लैक कलर चेचिस नंबर टी053776431एचपी है। ट्रैक्टरों में बिना वैद्य अभिबहन पास होने से वाहनों को चालक रामकृष्ण संगुले पिता महेश संगुले, निवासी – छीपानेर एवं संजय चौहान पिता मोहनलाल चौहान निवासी – तजपुरा से जप्त कर पुलिस चौकी करताना, थाना टिमरनी में सुरक्षार्थ खड़ा किया गया। ट्रैक्टरों के मालिक सुरेंद्र राजपूत निवासी छिपानेर एवं सतीश राजपूत निवासी छिपानेर हैं। दोनों ट्रैक्टरों के प्रकरण तैयार कर अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रेषित किए जाएंगे एवं दोनों ट्रैक्टरों पर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधान के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की जावेगी एवं अवैध उत्खनन, परिवहन पर कार्यवाही सतत जारी रहेगी।
हरदा- प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरविंद रघुवंशी के मार्गदशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा को अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य करने तथा सेवा प्रदान करने के परिणामस्वरूप इंटरनेशनल स्टैण्डर्ड आग्रेनाईजेशन, नई दिल्ली के प्रतिनिधि श्री शिवांशु तिवारी द्वारा अध्यक्ष श्री रघुवंशी को आईएसओ प्रमाण पत्र क्रमांक 9001: 2015 एवं 14001: 2015 औपचारिक रूप से प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष श्री रघुवंशी ने अपने उद्बोधन में व्यक्त किया कि आज शनिवार 18 अप्रैल को कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा में एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर का पल है। यह प्रमाणन इस बात का प्रमाण है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण विधिक सेवाएँ, पर्यावरण संरक्षण के मानकों का पालन जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सफलतापूर्वक सुनिश्चित किया जा रहा है।
न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा चंद्रशेखर राठौर ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा रघुवंशी के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत प्रयासों का परिणाम है। कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा आईएसओ प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाला प्रदेश में चौथा प्राधिकरण बन गया है। उन्होने कहा कि सुधार एक निरंतर प्रक्रिया है जो आगे भी सतत् रूप से जारी रहेगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के अंतिम व्यक्ति तक विधिक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में आईएसओ के प्रतिनिधि श्री शिवांशु तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आईएसओ प्रमाण पत्र का मुख्य उद्देश्य कार्यालय द्वारा किए जाने वाले कार्यों को व्यक्ति उन्मुखी ना होकर सेवा उन्मुखी किया जाना है। उनके द्वारा आईएसओ प्रमाण पत्र प्राप्ति हेतु निर्धारित मापदण्डों की जानकारी देते हुए बताया गया कि कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा द्वारा इन मापदण्डों को पूरा किया गया है, जिसके कारण उन्हें आईएसओ प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश जयदीप सिंह, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुधीर कुमार चौधरी, तृतीय जिला न्यायाधीश निसार अहमद, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह, जिला रजिस्ट्रार एस.के. भदकारिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्रीमती चेतना रूसिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी प्रेमदीप शाह, जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ जगदीश विश्वकर्मा, सचिव जिला अधिवक्ता संघ हरदा शैलेन्द्र जोशी, संघ के कार्यकारिणी सदस्यगण, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल जवाहर पारे, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अनीस मोहम्मद खान, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्रीमती अंतिमा चोलकर, जिला प्राधिकरण के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
अग्निदुर्घटना पीड़ित परिवारों को खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई
हरदा – टिमरनी विकासखंड के तहसील रहटगांव के वनाँचल के ग्राम बड़झिरी मे गत दिवस अचानक आग लगने से 08 परिवारो के बसें घर जल गए, आगजनी की इस दुखद घटना मे परिवार के पास तन पर पहने कपड़ो के अलावा कुछ नहीं बचा, पूर्ण रूप से घर जलकर नष्ट हो गए तथा खाद्यान्न, कपडे, बर्तन सभी आगजनी मे नष्ट हो गए। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर शनिवार को उचित मूल्य दुकान के विक्रेता श्री आमीन खान एवं सहायक विक्रेता श्री भैयालाल परते ने ग्राम बड़झिरी में पीड़ित परिवारों को प्रति परिवार 50 किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया।
