पावनसिटी हरदा
हरदा। जनपद पंचायत परिसर में संचालित आधार पंजीयन केंद्र की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। केंद्र जिस भवन में संचालित हो रहा है, उसकी छत कई स्थानों से क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। छत पर सीलन, पानी के रिसाव के निशान और उखड़ा हुआ प्लास्टर साफ दिखाई देता है। ऐसे हालात में कर्मचारियों एवं आधार बनवाने आने वाले नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मौके की तस्वीरों से स्पष्ट है कि भवन की छत लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही है। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकने और प्लास्टर गिरने का खतरा बना रहता है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
आधार कार्ड आज लगभग सभी सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं, छात्रवृत्ति, पेंशन एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए अनिवार्य दस्तावेज बन चुका है। ऐसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए संचालित केंद्र का सुरक्षित एवं व्यवस्थित भवन में होना आवश्यक है। UIDAI भी अधिकृत आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था करता है।
*उठ रहे हैं सवाल*
क्या जनपद प्रशासन ने भवन की जर्जर स्थिति का निरीक्षण किया है?
क्या संबंधित विभाग किसी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?
क्या आधार केंद्र को सुरक्षित भवन में स्थानांतरित किया जाएगा या तत्काल मरम्मत कराई जाएगी?
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि जनपद पंचायत एवं जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर भवन की मरम्मत कराए अथवा आधार पंजीयन केंद्र को किसी सुरक्षित स्थान पर संचालित करने की व्यवस्था करे, ताकि आमजन और कर्मचारी सुरक्षित वातावरण में सेवाओं का लाभ ले सकें।

