मध्य प्रदेश के खंडवा के कलेक्टर ने शुक्रवार को खण्डवा जिले के ग्राम जावर का दौरा कर कृषक श्री अश्विन बादल सिंह सावले के खेत में जाकर खीरे की उन्नत फसल देखी। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित अन्य अधिकारी व किसान भी मौजूद थे। कृषक श्री अश्विन बादल सिंह सावले ने कलेक्टर श्री गुप्ता को बताया कि खीरे और टमाटर का उत्पादन कर वह एक वर्ष में एक एकड़ में 4 लाख रूपए तक आय प्राप्त कर रहा है। जावर ग्राम में आयोजित कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी कलेक्टर श्री गुप्ता शामिल हुए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस अवसर पर उपस्थित किसानों से कहा कि परम्परागत फसलों को छोड़कर उद्यानिकी फसल अपनाएं, क्योंकि उद्यानिकी फसलों में किसानों को कई गुना अधिक आय प्राप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन की फसल में किसान जहां 30 हजार रूपए प्रति एकड़ आय प्राप्त कर पाता है, वहीं टमाटर और खीरे की खेती में किसान 4 लाख रूपए से अधिक भी कमा रहे हैं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने उपस्थित किसानों को स्प्रिंकलर, ड्रिप इरिगेशन तथा मल्चिंग के साथ आधुनिक पद्धति से उद्यानिकी फसलों की खेती करने के लिए प्रेरित किया।
श्री अश्विन बादल सिंह सावले ने इस अवसर पर बताया कि उसने 4 वर्ष पूर्व अपने 2 एकड़ के खेत में खीरे और टमाटर का उत्पादन शुरू किया था। अच्छा लाभ मिला, तो धीरे धीरे उत्पादन बढ़ाया। गांव के अन्य किसानों को जोड़कर कृषक उत्पादक संगठन बनाया। अब उनके एफपीओ में कुल 160 किसान शामिल हो गए हैं, जो कि कुल 400 एकड़ क्षेत्र में सब्जी उत्पादन कर रहे हैं। अश्विन ने बताया कि उनके खेत का टमाटर, खीरा, करेला, लौकी और नींबू मुम्बई, नई दिल्ली, लखनऊ, लुधियाना, नोएडा, पठानकोट के बाजार तक पहुंच रहा है। एफपीओ के सभी सदस्यों को प्रति एकड़ 4 से 5 लाख रूपए तक आय प्राप्त हो रही है। उन्नत किसान अश्विन ने कलेक्टर श्री गुप्ता को बताया कि उनके खेत का टमाटर मुम्बई के व्यापारियों के माध्यम से दुबई तक निर्यात हो रहा है। किसान अश्विन ने बताया कि सोलर ड्रायर के माध्यम से उनके करेला, मिर्ची, टमाटर, नींबू, आम के उत्पादन को सुखाकर निर्यात किया जाता है। वर्तमान में इनके फार्म हाउस पर 6 सोलर ड्रायर लगाये गए हैं। बाजार में टमाटर का कम मूल्य होने की स्थिति में टमाटर को सोलर ड्रायर से सुखा कर बेचते हैं, जिससे अधिक मुनाफा होता है।

