पावनसिटी हरदा
हरदा – जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी वर्मा, हरदा एसडीएम अशोक डहेरिया, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल, टिमरनी एसडीएम संजीव नागू सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में सोनल एग्रो वेयरहाउस मसनगांव के संचालक ने वेयरहाउस का किराया भुगतान न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को मामले की जांच कर किराया भुगतान कराने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में हर्षिता लक्ष्मीनारायण ने पोर्टल पर छात्रवृत्ति की राशि कम दिखाई देने के संबंध में शिकायत की, जिस पर सहायक संचालक पिछड़ा एवं अल्प संख्यक कल्याण विभाग को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में ग्राम भायली निवासी नंदकिशोर बृजलाल ने आवेदन देकर पीएम किसान निधि व सीएम किसान निधि की राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर तहसीलदार रहटगांव को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में आशाबाई घाटे ने नसबंदी ऑपरेशन फेल होने के बाद मुआवजा राशि प्राप्त न होने के संबंध में की, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। मेदाबाई अंकले निवासी अबगांव खुर्द ने खेत पर जाने के रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार हरदा को मामले की जांच कर रास्ते से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में सिराली निवासी अंजली मालवीय ने आवेदन देकर बीपीएल राशन कार्ड के लंबित आवेदन का निराकरण कराने की मांग की, जिस पर एसडीएम खिरकिया को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जेल लोक अदालत का आयोजन 26 अप्रैल को
हरदा – मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा, श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में 26 अप्रैल को जिला जेल, हरदा में जेल लोक अदालत का आयोजन किया जावेगा। जेल लोक अदालत के आयोजन का मुख्य उद्देश्य जेल में निरूद्ध बंदियों के लंबित प्रकरणों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निराकरण करना है, ताकि उन्हें शीघ्र न्याय मिल सके।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 100 दिवसीय ‘फ्री लाइव योग सत्र’ का आयोजन
कलेक्टर जैन ने अधिकारियों को दिए निर्देश
हरदा – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व देश व्यापी जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘‘ 100 डेज फ्री लाइव योगा सेशन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम आयुष मंत्रालय के तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन में योग को शामिल करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों के लिए 14 दिवसीय संरचित योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक नागरिक और शासकीय कर्मचारी वेबसाइट लिंक – https://moa.habit.yoga/?ref=Madhyapradesh अथवा टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 के माध्यमों से निःशुल्क पंजीकरण कराकर ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों को आदेशित किया है कि वे स्वयं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर ऑनलाइन योगाभ्यास करें तथा अपने अधीनस्थों की सहभागिता भी सुनिश्चित करें।

