बिरजाखेड़ी बायपास में देरी और घटिया निर्माण पर विधायक प्रतिनिधि का आक्रोश

जांच कमेटी से जांच कर ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग

हरदा- शहर के डबल फाटक से बिरजाखेड़ी तक प्रस्तावित 4.5 किमी बायपास रिंग रोड के निर्माण में हो रही लेट-लतीफी और घटिया क्वालिटी को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने एवं टिमरनी विधायक अभिजीत शाह के स्थानीय विधायक प्रतिनिधि संजय कमलचंद्र जैन ने गुरुवार को सड़क का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 4.5 किमी में से सिर्फ 3 किमी सड़क का निर्माण हुआ है। शेष 1.5 किमी पर 8-10 किसानों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया लंबित होने से काम रुका हुआ है।

सबसे गंभीर बात यह है कि जो 3 किमी सड़क बन चुकी है उसकी गुणवत्ता बेहद खराब है। निर्माण में मानक विहीन सामग्री उपयोग की गई है। जगह-जगह गिट्टी उखड़ रही है और सड़क में दरारें पड़ गई हैं। इससे प्रतीत होता है कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य कर शासन को चूना लगाया जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि डबल फाटक पर ब्रिज निर्माण के कारण रोजाना घंटों जाम लगता है। भारी वाहन शहर के अंदर से निकल रहे हैं जिससे आम जनता परेशान है। वहीं जिन किसानों की जमीन अधिग्रहण में है वे न मुआवजा पा रहे हैं न निर्माण कर पा रहे हैं।

इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि जैन ने कलेक्टर महोदय को पत्र लिखकर मांग की है कि:

1.जिला स्तरीय जांच कमेटी* बनाकर निर्मित सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।

2. जांच रिपोर्ट आने तक ठेकेदार का समस्त भुगतान रोका जाए।

3. भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर शेष कार्य प्रारंभ किया जाए।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बायपास पूर्ण होने से शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी, लेकिन इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार से जनता का पैसा बर्बाद हो रहा है।

Leave a Reply