पावनसिटी  हरदा

कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक  शशांक सर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, एसडीईआरएफ एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छीपानेर चौराहा क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्र में एयर रेड, ब्लैक आउट, सर्च एंड एवैक्यूएशन मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।

उक्त मॉक ड्रिल का संचालन प्लाटून कमांडर होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ हरदा श्रीमती रक्षा राजपूत के निर्देशन में स्थानीय प्रशासन के सहयोग से संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत सायं 7:30 बजे प्रथम एयर रेड सायरन बजाया गया, जिसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में पूर्ण ब्लैक आउट किया गया। इसके पश्चात 7:40 बजे द्वितीय सायरन एवं रात्रि 8:00 बजे तृतीय एवं अंतिम सायरन बजाकर हवाई हमले की समाप्ति की सूचना दी गई।

मॉक ड्रिल के दौरान सिविल डिफेंस की 8 प्रमुख टीमों द्वारा *संयुक्त रूप से घायलों का ट्रायेज, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, राहत सामग्री वितरण तथा घायलों को एम्बुलेंस तक पहुंचाने का कार्य किया गया। वहीं फायर फाइटिंग टीम द्वारा आग पर त्वरित नियंत्रण प्राप्त करने का प्रदर्शन किया गया।

ब्लैक आउट अवधि में एसडीईआरएफ एवं सिविल डिफेंस की टीमों द्वारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान भी चलाया गया। आयोजन से पूर्व दोपहर से ही स्थानीय प्रशासन द्वारा *मोबाइल थाना, पम्पलेट एवं सोशल मीडिया* के माध्यम से नागरिकों को पूर्व सूचना देकर जागरूक किया गया।

इस अवसर पर एडिशनल एसपी श्री अमित मिश्रा , आरआई रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर एवं सूबेदार श्री उमेश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मॉक ड्रिल में लगभग 40 पुलिस जवान, 70 सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, एनसीसी, एनएसएस स्वयंसेवक तथा 20 एसडीईआरएफ/होमगार्ड जवानों ने सहभागिता की।

यह आयोजन आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय एवं जनसुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Leave a Reply