पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना हंडिया पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अगस्त 02 को प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 247 ग्राम अवैध गांजा जप्त किया गया।
थाना हंडिया पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल से अवैध गांजा लेकर आने वाला है। सूचना पर विधिवत वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में ग्राम जोगा स्थित फॉरेस्ट नाके के पास घेराबंदी कर संदेही रामदिन कलम निवासी लोटिया को पकड़ा।
आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार नोटिस देकर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से सफेद प्लास्टिक के झोले में रखा 2 किलो 247 ग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत ₹45,000/-), एक Mi एंड्रॉइड मोबाइल, ₹250 नगद तथा घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक MP47MF8732 जप्त की गई। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹1,35,250/- है।
घटनास्थल पर गांजे का तौल, सीलबंदी एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना हंडिया में आरोपी रामदिन कलम के विरुद्ध धारा 8/20(B) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

