प्रतिस्पर्धा के युग में स्वंय की प्रतिभा को निखारें विद्यार्थी – कलेक्टर
प्रावीण्य सूची में अव्वल स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा किंडल ई बुक रीडर
हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के युग में विद्यार्थियों को स्वयं की प्रतिभा निखारना जरूरी है। इसके लिए वह पूरी मेहनत के साथ अध्ययन करें। साथ ही अपने उज्ज्वल कैरियर के लक्ष्य पर फोकस करें। श्री जैन शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड कक्षा में राज्य तथा जिले की प्राविण्य सूची में स्थान पाने वाले 15 छात्र छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में कलेक्टर ने आगे कहा कि महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी स्वयं में बेहतर तार्किक क्षमता विकसित करें। साथ ही अध्ययन के लिए चयनित विषयों को अपने जेहन में उतारें। अध्ययन में पूर्णता लाने के लिए अपने विषय से संबंधित ज्यादा से ज्यादा प्रश्न पूछने की क्षमता विकसित करें। दसवीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी अपनी रूचि के बिषय का चयन करें । उन्होंने कहा कि प्रावीण्य सूची में अव्वल स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को किंडल ई बुक रीडर भी प्रदान की जाएगी। इस बुक रीडर से विद्यार्थियों को उपयोगी किताबों को अध्ययन करने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित कर उन्हें बेहतर कैरियर निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थी एडवांस कोडिंग एवं एआई कोर्सेज से जरूर जुड़ें। अंत में उन्होंने संबंधित शालाओं के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह में राज्य स्तर एवं जिला स्तर की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले जिन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया उनमें गौरव विद्या निकेतन रहटगांव की छात्रा कुमारी थल वंदना मल्हारे, लक्ष्मी बाई विद्या मंदिर टिमरनी के छात्र प्रवीण मालाकार, सनराइज स्कूल टिमरनी की छात्रा कुमारी हर्षिता चौरसिया, तक्षशिला एकेडमी हरदा की छात्रा कुमारी तनवी शर्मा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिमरनी की छात्रा कुमारी शीतल राजपूत, रेड फ्लावर स्कूल नकवाड़ा की छात्रा कुमारी दिशा राजपूत, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिमरनी के छात्र जय राठौड़, मां शारदा विद्यापीठ हरदा की छात्रा कुमारी आयुषी शर्मा, हरदा स्कूल आफ एजुकेशन हरदा की छात्रा कुमारी भूमि नागले, डॉ. बी.आर. अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा के छात्र श्री मोहित दुधे, महर्षि ज्ञानपीठ स्कूल हरदा की छात्रा कुमारी सिमरन यादव, शासकीय कन्याउच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिराली की छात्रा कु. निषाद तथा इंपीरियल पब्लिक स्कूल खिरकिया की छात्रा कुमारी फाल्गुनी भैसारे शामिल है। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी. एस. रघुवंशी ने आभार व्यक्त किया इस दौरान सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री बलवंत पटेल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

