पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – शासन के निर्देशानुसार हायर सेकेण्ड्री स्कूल के विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से “कॉलेज चलो प्रवेश” मेले का आयोजन मंगलवार को माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय खंडवा द्वारा सी.एम. राइज शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला छैगांवमाखन में किया गया। “कॉलेज चलो प्रवेश” मेले में प्राचार्य डॉ. विनय जैन ने कहा कि शासन की मंशा है कि यदि कोई ग्रामीण अंचल का विद्यार्थी महाविद्यालय में प्रवेश लेने नहीं आता है, तो हम ही उसके गांव तक उसे प्रवेश दिलाने के लिए जाएं। इसीलिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश में जिले के प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर “कॉलेज चलो प्रवेश” मेले का आयोजन किया जा रहा है।
प्राचार्य डॉ. विनय जैन ने बताया कि इस प्रवेश मेले में छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर काउंसलिंग, विषय साक्षात्कार, ई प्रवेश, मध्यप्रदेश शासन की विभिन्न छात्र हितैषी छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के सम्बंध में व्याख्यान भी दिया गया। प्राचार्य ने बताया कि इस प्रवेश मेले में प्रथम चरण में छात्राओं का प्रवेश निःशुल्क रहा और लगभग 170 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस प्रवेश मेले में प्रवेश समिति प्रभारी में डॉ. अर्चना मुजमेर, डॉ. अंतिमा कनेरिया ने प्रवेश संबंधी जानकारी दी, जबकि प्रो. मीनू पटेल और रश्मि झा ने विद्यार्थियों की काउंसलिंग की। साक्षात्कार प्रो. कामिनी बघेल और प्रो. समीर खान ने लिए। रजिस्ट्रेशन की कार्यवाही प्रो. अंशुल खत्री चौहान ने की। ई-प्रवेश की कार्यवाही प्रो. रजाक मंसूरी, प्रो. नितीशा चौरसिया, श्री सनोज महिकाल ने की।

