पावनसिटी हरदा
हरदा -हनीफाबाद स्कूल में बुधवार को छत का प्लास्टर गिरने से घायल हुई छात्रा प्रियांशी का हाल जानने के लिए कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन जिला अस्पताल पहुंचे। कलेक्टर ने अस्पताल में प्रियांशी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से उपचार में हो रही प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर श्री जैन ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायल छात्रा के बेहतर उपचार और हर संभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पीड़ित परिवार को भी आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से हर सहायता दी जाएगी
हरदा किसान बंधु वर्ष 2026 में अल-नीनो के संभावित प्रभाव से अनियमित वर्षा एवं प्राकृतिक आपदाओं की संभावना को देखते हुए अपनी खरीफ फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करें। किसाान
कल्याण विभाग ने किसान बंधुओं से अपील की है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अपनी अधिसूचित फसल का बीमा 31 जुलाई 2026 तक अवश्य कराएं। फसल बीमा प्राकृतिक आपदा, सूखा, अतिवृष्टि एवं मौसम के कारण होने वाले अन्य जोखिमों से होने वाली आर्थिक हानि से सुरक्षा प्रदान करता है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में खरीफ 2026 में जिले स्तर पर मूंग और पटवारी हल्का स्तर पर सोयाबीन, मक्का, धान सिंचित, धान असिंचित अधिसूचित है। किसान द्वारा देय प्रीमियम मूंग फसल का 618, सोयाबीन हेतु 766, मक्का हेतु 694, धान सिंचित हेतु 946, धान असिंचित हेतु 652 रुपए प्रति हेक्टेयर निर्धारित है। उन्होने अऋणी अथवा कालातीत (एन.पी.ए.) कृषक भाईयों से अनुरोध किया है कि वे कॉमन सर्विस सेन्टर अथवा बैंक के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज ऋण पुस्तिका, बैंक पासबुक व आधारकार्ड तथा बटाईदार कृषक के लिए आवश्यक दस्तावेज खोटनामा, ऋण पुस्तिका, बैंक पासबुक, आधारकार्ड एवं कृषि भूमि स्वामी का आधारकार्ड ले जाकर फसल बीमा करवा सकते है। इस हेेतु फार्मर आईडी भी बना हुआ होना आवश्यक है। उन्होने बताया कि फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि ग्राम पंचायत स्तर पर भी प्रचार-प्रसार करने के लिए जा रहे है, किसान भाई इन प्रतिनिधियों से भी फसल बीमा संबंधी जानकारी ले सकते है। इसकेे अलावा फसल बीमा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए भारत सरकार के कृषि रक्षक पोर्टल हेल्पलाईन नम्बर 14447 पर भी संपर्क किया जा सकते है। किसान बंधु अंतिम तिथि का इंतजार न करें, आज ही निकटतम बैंक शाखा, ग्राहक सेवा केन्द्र, फसल बीमा पोर्टल, फसल बीमा ऐप एवं अधिकृत बीमा कंपनी के मध्यस्थ के माध्यम से फसल बीमा कराएं।
अब स्नातक एवं स्नातकोत्तर की कक्षाओं में विद्यार्थी 31 जुलाई तक ले सकेंगे प्रवेश
उच्च शिक्षा विभाग ने द्वितीय चरण की कॉलेज लेवल काउंसलिंग की बढ़ाई तिथि
हरदा – उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए द्वितीय चरण की कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में 31 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे।
इस संबंध में आयुक्त उच्च शिक्षा श्री प्रबल सिपाहा ने मंगलवार को आदेश भी जारी कर दिए हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार द्वितीय चरण की सीएलसी की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 थी, जिसे बढ़ाकर अब 31 जुलाई 2026 कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अन्य सभी शर्तें, नियम एवं दिशा निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे।
भारतीय ज्ञान परंपरा का त्रैमासिक कैलेंडर जारी
जुलाई से सितम्बर तक विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में होंगे विविध आयोजन
हरदा – राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग ने जुलाई, अगस्त एवं सितम्बर 2026 का त्रैमासिक कैलेंडर जारी किया है। इसके तहत प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कैलेंडर के अनुसार 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें गुरुजनों का तिलक एवं श्रीफल से सम्मान, गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर व्याख्यान, वृत्तचित्र प्रदर्शन तथा गीत एवं कविता वाचन जैसी गतिविधियां होंगी। इसी प्रकार 2 अगस्त 2026 को आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय जयंती एवं राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस पर आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के भारतीय विज्ञान और उद्योग में योगदान पर व्याख्यान, विज्ञान मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, उनके व्यक्तित्व-कृतित्व पर चर्चा तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगी। आगामी 20 अगस्त 2026 को भारतीय अक्षय ऊर्जा दिवस पर प्राचीन ग्रंथों में अक्षय ऊर्जा से संबंधित अवधारणाओं, ऊर्जा संरक्षण एवं भारतीय दृष्टिकोण पर विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान, लघु फिल्म/चित्र प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता तथा ऊर्जा संरक्षण संकल्प जैसी गतिविधियां होंगी। जारी केलेण्डर अनुसार 14 सितम्बर 2026 को हिन्दी दिवस के अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा में भाषा और साहित्य के योगदान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों की सहभागिता से भारतीय भाषाओं एवं ज्ञान विरासत पर केंद्रित गतिविधियां होंगी। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि त्रैमासिक कैलेंडर के अनुसार गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करें।
आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी, छायाचित्र एवं प्रतिवेदन विभाग को भेजा जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान और परंपरागत विरासत से जोड़ते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप समग्र शिक्षा को बढ़ावा देना है।
हरदा कोषालय में ‘आईएफएमआईएस केयर्स कैम्प’ 16-17 जुलाई को
साफ्टवेयर की तकनीकी समस्याओं का होगा निराकरण
हरदा – कोष एवं लेखा संचालनालय द्वारा आईएफएमआईएस पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए 16 एवं 17 जुलाई 2026 को ‘आईएफएमआईएस केयर्स कैम्प’ लगाया जायेगा। जिला कोषालय अधिकारी हरदा श्री रूम सिंह डुडवे ने बताया कि शासकीय वित्तीय संव्यवहारों को सुचारू बनाने एवं आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर में आ रही तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आगामी 16 और 17 जुलाई 2026 को जिला कोषालय हरदा में दो दिवसीय विशेष ‘आईएफएमआईएस केयर्स कैम्प’ का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर हरदा कोषालय के अंतर्गत आने वाले समस्त आहरण संवितरण अधिकारियों के लिये जिला कोषालय हरदा में किया जा रहा है।
इस दो दिवसीय विशेष कैंप में तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा मौके पर ही समस्याओं का निराकरण किया जाएगा एवं संबंधित आहरण संवितरण अधिकारियों व उनके कर्मचारियों को व्यापक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। आहरण संवितरण अधिकारियों तथा लेखापालों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं को समय-सीमा में दर्ज करायें।

