टिमरनी, हरदा | मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज एसडीओपी कार्यालय, टिमरनी में स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी), टिमरनी एवं थाना प्रभारी, टिमरनी द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, नशे के कारण होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार, हरदा के जिला संयोजक श्री प्रेम नारायण जी गौर व अन्य सदस्यों ने भी सहभागिता करते हुए युवाओं को नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच एवं नशामुक्त जीवन के महत्व से अवगत कराया तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने एवं अपने परिवार, मित्रों तथा समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुँचाने का संकल्प लिया।
हरदा पुलिस द्वारा जनसामान्य से अपील की गई है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय अथवा सेवन संबंधी जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
नशे से दूरी है ज़रूरी — स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज।

