पावनसिटी हरदा

हरदा  जिले के पी एम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय चारुवा में नवोदय विद्यालय समिति के निर्देशानुसार 27 से 29 जुलाई तक क्षेत्र स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में नवोदय विद्यालय समिति के 9 संकुलों में से खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयन कर 14, 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग की 5 क्षेत्र स्तरीय टीमें भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, कटनी व जबलपुर क्षेत्र से तैयार की गयी है। प्रत्येक टीम से तीनों आयु वर्ग से चयनित 10-10 खिलाडियों  कुल 150 खिलाड़ियों ने अपने 12 मार्ग रक्षक शिक्षकों के साथ 26 जुलाई को विद्यालय में उपस्थिति दर्ज करायी।

पी एम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय चारुवा में प्रभारी प्राचार्य श्री पी.पी. मिश्रा ने सोमवार को खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर व टॉस करके 19 वर्ष आयु वर्ग में क्षेत्र स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। इसके बाद 14 तथा 17 वर्ष आयु वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता प्रारंभ हुयी। प्रतियोगिता में सभी वर्ग के खिलाडियों ने अदम्य स्फूर्ति, गति, चपलता, डाइविंग, रनिंग तथा खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रभारी प्राचार्य श्री मिश्रा ने बताया कि इस क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तीनों आयुवर्ग के खिलाडियों की टीमें तैयार की जायेंगी। ये टीमें राष्ट्रीय स्तर के लिए 19 से 21 अगस्त तक पी एम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय हासन, कर्नाटक में आयोजित प्रतियोगिता में भोपाल रीजन का प्रतिनिधित्व करेगी।

ज्ञात हो कि इसके पश्चात् जो खिलाडी चयनित होंगे, वह राष्ट्रीय स्तर पर एस जी एफ़ आई में प्रतिभागिता करेंगे। इस खेल प्रतियोगिता में विद्यालय के खेल शिक्षक श्री अभिषेक यादव तथा सुश्री मंजुलता कुशवाह के निर्देशन में 12 ऑफिशियल रेफरी द्वारा मैच करवाए जायेंगे। प्रतियोगिता के दौरान श्री अभिलाष खडसे, श्री एस.एस. दांगी, श्री एम.आर. जाटव, श्री बलवंत झोड़, डॉ. मुकेश जैन, श्रीमती प्रणिता खडसे एवं अन्य कर्मचारियों ने सराहनीय योगदान दिया।

मदिरा के अवैध विक्रय व संग्रहण के विरूद्ध 7 प्रकरण दर्ज

हरदा – कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन के निर्देशन व जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील भोजने के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग के दल नेे रविवार को मदिरा के अवैध विक्रय, परिवहन व संग्रहण के विरूद्ध हाईवे किनारे शराब पिलाने वाले रेस्टोरेन्ट पर कार्यवाही की। जिला आबकारी अधिकारी श्री भोजने ने बताया कि इस दौरान आबकारी विभाग के दल ने प्रिंस ढाबा, पंडित जी ढाबा मनियाखेड़ी व उसकल्ली, सांवरिया ढाबा, राजपूत ढाबा उसकल्ली, चंपा दादा ढाबा नांदवा, राजस्थान ढाबा के साथ-साथ बिरजाखेड़ी, टिमरनी व चारखेड़ा में छापेमारी की। इस दौरान 44 पाव देशी मदिरा प्लेन, 8 पाव ऑफिसर च्वाइस, एक-एक बॉटल सिग्नेचर व्हिस्की एवं वी21 वोडका एवं 210 किलेाग्राम महुआ लाहन जप्त कर आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 7 प्रकरण दर्ज किये। जप्त किये गये मुद्देमाल का अनुमानित बाजार मूल्य 28559 रूपये है।

मूंग उपार्जन के लिए स्लॉट बुकिंग हेतु 5 दिवस शेष

किसान भाई 31 जुलाई से पूर्व उपज विक्रय के लिये कराएं स्लॉट बुकिंग

हरदा – वर्ष 2025-26 विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन फसल मूंग के उपार्जन हेतु स्लॉट बुकिंग 31 जुलाई तक होंगे। उप संचालक कृषि श्री प्रकाश ठाकुर ने बताया कि जिन किसान भाइयों ने स्लॉट बुक नहीं किए है, वे 31 जुलाई के पूर्व अपनी उपज के लिए स्लॉट बुक कर सकते है। उन्होने बताया कि ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन 10 अगस्त तक किया जावेगा। वर्तमान स्थिति तक 32001 किसानों द्वारा स्लॉट बुक किया गया है तथा 7009 किसानों द्वारा 60372.50 क्विंटल मूंग उपज, उपार्जन केंद्रों पर उपार्जित की गई है।

समाधान समारोह-2026’ सुप्रीम कोर्ट में लंबित प्रकरणों का होगा त्वरित निपटारा

21-23 अगस्त को विशेष लोक अदालत

हरदा – उच्चतम न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वर्षों से लंबित प्रकरणों का सौहार्दपूर्ण, सहमति आधारित एवं त्वरित समाधान करना है। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री चन्द्रशेखर राठौर ने नागरिकों से अपील की है कि पक्षकारगण माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) के इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं एवं अपने वर्षों से चल रहे लंबित प्रकरणों का सौहार्दपूर्ण, सहमति आधारित, एवं त्वरित समाधान कर निराकरण करायें।

सचिव  राठौर ने बताया कि न्याय को सरल और सुलभ तरीके से घर-घर तक पहुंचाने तथा आपसी सहभागिता और सहमति से न्याय की भावना को मूर्त रूप देने के लिए भारत के सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा ‘‘समाधान समारोह-2026’’ (विशेष लोक अदालत) का आयोजन 21 अप्रैल 2026 से आरंभ किया गया है जिसकी परिणति 21, 22 तथा 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत के आयोजन के साथ होगी। विशेष लोक अदालत का आयोजन माननीय सर्वाेच्च न्यायालय परिसर, नई दिल्ली में 21, 22 तथा 23 अगस्त को होगा जिसमें माननीय सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित निपटान की संभावना वाले उपयुक्त मामले, जिनमें वैवाहिक और सम्पत्ति विवाद, मोटर दुर्घटना के दावे, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और सेवा/श्रम आदि के मामलों को शामिल किया जावेगा।

विशेष लोक अदालत का आयोजन राज्य, जिला, तालुका व मध्यस्थता केन्द्र में किया जावेगा, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ द्वारा पक्षकारों की मदद की जावेगी। पक्षकारगण इन सुलह-प्रयास हेतु बैठकों/वार्ताओं में व्यक्तिगत और वर्चुअल माध्यम से शामिल हो सकते है। भागीदारी- अधिवक्तागण, वादकारियों तथा अन्य संबंधित पक्षों को इस अभियान में सक्रिय रूप से भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया है।

आवेदन कैसे करें- पक्षकारगण जिनके मामले माननीय सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित है, वे माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के वेबसाइट https://www.sci.gov.in पर उपलब्ध गूगल फॉर्मे को भरकर अपने मामले को समाधान समारोह मे शामिल करा सकते है। जिन प्रकरणों को समाधान समारोह में शामिल करने हेतु उपयुक्त पाया गया है, उनमें पक्षकारों के मध्य सुलह-प्रयास किये जाने हेतु नोटिस जारी किए जा रहे है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा में उपस्थित होकर अथवा फोन नं. 07577-299003 के माध्यम से संपर्क कर सकते है।

 

टिमरनी में आयोजित हुआ ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम

*विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

हरदा – मेरा युवा भारत, हरदा (मध्यप्रदेश) द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत परिसर, टिमरनी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संपूर्ण आयोजन का निर्देशन जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रद्धा मित्तल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कविता, भाषण, चित्रकला, एकल एवं समूह नृत्य, समूह गायन, नुक्कड़ नाटक, ऑनलाइन स्लोगन एवं रील प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर के युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीओपी टिमरनी सुश्री आकांक्षा तलैया, थाना प्रभारी टिमरनी, राष्ट्रीय कवि श्री मुकेश शांडिल्य तथा सेवानिवृत्त शिक्षक श्री राजेंद्र उपाध्याय उपस्थित रहे। एसडीओपी सुश्री आकांक्षा तलैया ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है। युवा यदि नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और समाज सेवा की ओर अग्रसर होंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। थाना प्रभारी टिमरनी श्री संतोष श्री वास्तव ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जागरूकता, आत्म संयम और सकारात्मक सोच ही नशा मुक्त समाज की सबसे बड़ी ताकत है। राष्ट्रीय कवि श्री मुकेश शांडिल्य ने अपनी प्रेरणादायक कविता के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। वहीं श्री राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कियुवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ेंगे तो समाज और राष्ट्र दोनों का भविष्य उज्ज्वल होगा।

इस अवसर पर आयोजित कविता प्रतियोगिता में धारणा सोनकिया ने प्रथम तथा आकांक्षी अग्रवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एकल एवं समूह नृत्य प्रतियोगिता में दिव्यांशी प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि सनराइज हायर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समूह एवं एकल गायन प्रतियोगिता में सनराइज स्कूल प्रथम, कन्या पाठशाला द्वितीय तथा प्रथम अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में मेंहरूनिशा प्रथम तथा आरुषि द्वितीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में मधु कुशवाहा ने प्रथम, आदित्य ने द्वितीय तथा नम्रता कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ऑनलाइन स्लोगन प्रतियोगिता में मानसी रामकूचे ने प्रथम तथा कनक सोलंकी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में राकेश एवं उनकी टीम प्रथम तथा गणेश एवं उनकी टीम द्वितीय स्थान पर रही। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रयास सामाजिक संस्था के प्रमुख श्री नीरज गुर्जर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रद्धा मित्तल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत, हरदा की टीम से श्री मयंक शर्मा, श्री राकेश पिपलोदे, श्री राहुल जाट, श्री मनोज जाट, श्री ऋषिकांत सोनी, श्री निखिल कैथवास, श्री शुभम ढोके, सुश्री कनक सोलंकी, सुश्री लिसिका काले, श्री गौतम बैरागी सहित अन्य स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। यह कार्यक्रम युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

ग्राम कायदा में जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

हरदा – कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विवेक शर्मा के मार्गदर्शन तथा वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती सुचिता इक्का के नेतृत्व में शासकीय पी एम श्री हायर सेकंडरी स्कूल कायदा में वन स्टॉप सेंटर एवं मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर केस वर्कर सुश्री रितु राजपूत ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए केंद्र में दी जाने वाली परामर्श सहायता, निशुल्क विधिक सहायता, आश्रय सहायता, चिकित्सा व पुलिस सहायता, विभिन्न हेल्पलाइन नंबर महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सहायता 112, साइबर अपराध से सुरक्षा नंबर 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी। मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत बाल संरक्षण कानून, बच्चों के अधिकारों की रक्षा, अनाथ एवं बेसहारा बच्चों को संरक्षण, गोद लेना, स्पॉन्सरशिप, फॉस्टर केयर, संघर्षरत बच्चों का मानसिक-सामाजिक सहयोग आदि की जानकारी देते हुये बाल विवाह के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधानों के बारे में अवगत कराया।

कार्यक्रम में शासकीय पी एम श्री हायर सेकंडरी स्कूल कायदा के प्रभारी प्राचार्य  कमल सिंह भलावी, शिक्षकगण एवं छात्र- छात्राओं और वन स्टॉप सेंटर का स्टाफ कार्यक्रम में उपस्थित रहा।

Leave a Reply