सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ से नागरिकों को मिलेगा शासकीय योजनाओं का लाभ
3 अक्टूबर को विकासखंड एवं 4 अक्टूबर को नगरीय निकायों में लगेंगे जनसेवा शिविर
पंजीयन, आवेदन निराकरण एवं हितलाभ वितरण की होगी प्रभावी व्यवस्था
हरदा -प्रदेश में नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया जाएगा। राजस्व विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभियान के तहत मेगा शिविर 3 अक्टूबर को सभी विकासखंड मुख्यालयों पर और 4 अक्टूबर को नगरीय निकायों के वार्ड/जोन स्तर पर आयोजित होंगे। शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। विकासखण्ड स्तर पर कैम्प के आयोजन के लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा नगरीय क्षेत्र हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभारी अधिकारी होंगे।
इन शिविरों में केन्द्र और राज्य सरकार की समस्त फ्लैगशिप हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा राजस्व विभाग की नागरिक सेवाओं का लाभ मौके पर ही स्वीकृत/प्रदाय किया जाएगा। इस अभियान को ‘जन-विश्वास अभियान’ के साथ भी संबद्ध किया गया है, ताकि जनता के बीच सुशासन और प्रशासनिक जवाबदेही के प्रति विश्वास का सेतु स्थापित हो सके।
इन योजनाओं का मिलेगा लाभ
शिविर में राजस्व विभाग की स्वामित्व योजना, फार्मर आईडी, नामांतरण-बंटवारा, आय-निवास प्रमाण पत्र के साथ-साथ पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम आवास, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, केसीसी, जल जीवन मिशन, जन धन, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, कन्या विवाह, पेंशन योजनाएं सहित 18 से अधिक विभागों की 50 से ज्यादा योजनाओं का मौके पर लाभ दिया जाएगा। आदिवासी जिलों के लिए सिकल सेल मिशन, वनाधिकार जैसे अतिरिक्त फोकस भी
असिस्टेंट से एंटरप्रेन्योर बने टिमरनी के अर्पित
बांस शिल्प को दिलाई नई पहचान, मुख्यमंत्री ने भी थपथपाई पीठ
हरदा – जब हुनर को सही तकनीक और बाजार की समझ मिल जाए, तो वह न सिर्फ एक व्यक्ति की तकदीर बदलता है बल्कि पूरे समाज के लिए रोजगार के नए द्वार खोल देता है। कुछ ऐसी ही मिसाल पेश की है हरदा जिले के टिमरनी निवासी अर्पित बछौतिया ने, जो आज क्षेत्र के युवाओं और पारंपरिक शिल्पकारों के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं।
*प्रोजेक्ट असिस्टेंट से शुरू हुआ सफर*
अर्पित ने टिमरनी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के सहयोग से स्थापित ‘बांसकारी टेक्नोलॉजी कम कॉमन फैसिलिटी सेंटर’ में एक प्रोजेक्ट असिस्टेंट के रूप में अपने सफर की शुरुआत की थी। काम के दौरान अर्पित ने महसूस किया कि स्थानीय शिल्पकारों के पास हुनर की तो कोई कमी नहीं है और वे बेहतरीन उत्पाद भी बनाते हैं, लेकिन सही मार्केटिंग और उचित बाजार न मिलने के कारण उन्हें अपनी मेहनत का सही दाम नहीं मिल पाता।
इस समस्या को दूर करने के लिए अर्पित ने खुद केंद्र के माध्यम से बांस के वैज्ञानिक उपचार, आधुनिक डिजाइनिंग, फिनिशिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग के गुर सीखे। प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने स्वयं को एक मार्केटिंग लीडर के रूप में स्थापित किया और स्थानीय शिल्पकारों को राज्य स्तरीय मेलों, सरकारी कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और बड़े खरीदारों से सीधे जोड़ना शुरू कर दिया। उनके इस प्रयास की बदौलत आज टिमरनी के शिल्पकारों द्वारा बनाए गए डिजाइनर बास्केट, लैपटॉप स्टैंड, पेन स्टैंड, प्लांटर और पर्यावरण के अनुकूल अन्य बांस उत्पाद देश भर के ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं।
*मुख्यमंत्री ने की सराहना, मिली बड़ी कामयाबी*
वर्ष 2026 में हरदा में आयोजित राज्य स्तरीय कृषि आधारित कौशल विकास सम्मेलन में जब अर्पित के मार्गदर्शन में तैयार बांस उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उनके कार्यों और इस अनूठी पहल की सराहना की। वर्तमान में अर्पित खुद एक सफल बांस उद्यमी बन चुके हैं और इस क्षेत्र से सम्मानजनक आय अर्जित कर रहे हैं।
अर्पित की यह सफलता इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि यदि पारंपरिक कौशल को विज्ञान, तकनीक और प्रभावी मार्केटिंग से जोड़ दिया जाए, तो ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में भी श्हरित उद्यमिताश् और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। अर्पित आज न केवल खुद आत्मनिर्भर हैं, बल्कि दर्जनों शिल्पकारों को बाजार उपलब्ध कराकर उनके जीवन में खुशहाली ला रहे हैं।
*(फोटो संलग्न)*
*पंधानिया में 2 अक्टूबर को आयोजित होगा अस्पृश्यता निवारण सद्भावना शिविर*
हरदा 28 सितम्बर 2026/ प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गांधी जयंती के अवसर पर अस्पृश्यता निवारण शिविर एवं सहभोज कार्यक्रम 2 अक्टूबर को आयोजित होगा। जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्री प्रमोद माथुर ने बताया कि अस्पृश्यता निवारण शिविर एवं सहभोज कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष 2 अक्टूबर को खिरकिया विकासखण्ड के ग्राम पंधानिया के आंगनवाड़ी केन्द्र के पास दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
जिले में पंचायत उप निर्वाचन हेतु संबंधित पंचायतों में 29 सितम्बर को सार्वजनिक अवकाश घोषित
हरदा – मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय भोपाल द्वारा पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) के लिये मतदान के दिन 29 सितम्बर को शासकीय कर्मचारियों को मतदान का प्रयोग करने के लिये स्थानीय अवकाश एवं सुविधा प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया है। निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, हरदा श्री सिद्धार्थ जैन ने आदेश जारी कर जिले की संबंधित पंचायतों एवं निर्वाचन क्षेत्र में निवास करने वाले सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, अशासकीय, निगमों, मण्डलों के कर्मचारी व अधिकारियों को सामान्य तथा पराक्रम्य लिखित अधिनियम 1881 की धारा 25 के तहत मतदान के दिन 29 सितम्बर को एक दिवस का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश केवल संबंधित पंचायतों एवं निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता कर्मचारियों के लिये मान्य होगा।

