खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थो के नमूने लेकर की जाँच
*छात्राओं को सिखाए खाद्य पदार्थों में मिलावट पहचानने के तरीके*
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में तथा नियंत्रक खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देशन में टिमरनी में खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने कार्यवाही की। कार्यवाही के दौरान होटल यू लाइक, आशीष रेस्टोरेंट एवं शासकीय पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की मध्यान्ह भोजन रसोई का निरीक्षण किया गया। इस दौरान चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के द्वारा आटा, मैदा, तुअर दाल, पुलाव, ग्रेवि, पनीर, एवं विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान आशीष रेस्टोरेंट से पनीर का नमूना लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। इसके बाद शासकीय पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में खाद्य पदार्थों में मिलावट सम्बंधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं एवं शिक्षक शिक्षिकाओं को खाद्य पदार्थ दूध, दही, घी, पनीर, मसाले, इत्यादि में होने वाली मिलावट की पहचान के सरल तरीके बताए गए। कार्यवाही के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र कांबले, चलित प्रयोगशाला के केमिस्ट हेमंत कीर तथा सहायक ब्रजेश पटेल उपस्थित रहे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेन्द्र कांबले ने बताया कि इसके पूर्व में ब्रजवासी मावा और मिष्ठान भंडार इंदौर रोड़ हरदा का मावा का नमूना लिया गया था जो कि अवमानक पाया गया था, जिसके फलस्वरूप सक्षम न्यायालय द्वारा पचास हजार रुपए का अर्थदंड किया गया। इसी प्रकार जैन चाय पान एंड कोलड्रिंक मेन रोड मांदला में निरीक्षण के दौरान अस्वच्छता पाई गई थी, जिसके फलस्वरुप सक्षम न्यायालय द्वारा 5 हजार रूपये का अर्थ दंड किया गया।

