पावनसिटी खंडवा
मो. 9425045481
मूंदी के दीक्षा, यश और गणेश मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित
पंधाना के रमाश्री एवं विशेष मेडिकल संचालकों को कारण बताओ नोटिस
खंडवा – खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में मेडिकल स्टोर्स के नियमित निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ड्रग निरीक्षक मंजीत जामले एवं सुश्री अस्मिता गामोड द्वारा मूंदी के दीक्षा मेडिकल, यश मेडिकल एवं गणेश मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दीक्षा मेडिकल एवं गणेश मेडिकल में फार्मासिस्ट उपस्थित नहीं मिले तथा बिल बुक का संधारण नहीं किया जाना पाया गया। वहीं यश मेडिकल में भी फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले। इस पर संबंधित मेडिकल संचालकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बताया गया कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दीक्षा मेडिकल का लाइसेंस 7 दिवस तथा यश मेडिकल एवं गणेश मेडिकल के लाइसेंस 5 दिवस के लिए निलंबित किए गए हैं। इसी क्रम में विकासखंड पंधाना के रमाश्री मेडिकल एवं विशेष मेडिकल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में दोनों मेडिकल संचालकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। निर्धारित समयावधि में प्राप्त जवाब के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच की जा रही है। मेडिकल संचालकों को लाइसेंस की प्रति प्रतिष्ठान के दर्शनीय स्थल पर प्रदर्शित करने, दवाओं का विक्रय वैध चिकित्सकीय पर्चे पर करने तथा स्टॉक रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चिकित्सक के प्रिस्क्रिप्शन के बिना दवाओं का विक्रय नहीं करने की हिदायत भी दी गई है।

