पावनसिटी हरदा
मो. 9425045481
सड़क दुर्घटना में घायल चार लोगों की मदद के लिए तत्काल आगे आए कलेक्टर एवं एसपी, अपने वाहन रुकवाकर अस्पताल पहुंचाने की कराई व्यवस्था
कलेक्टर कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने पेश की संवेदनशीलता की मिसाल
हरदा। चारुवा से कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे कलेक्टर कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने रास्ते में सड़क दुर्घटना में घायल चार लोगों को देखकर तत्काल अपने वाहन रुकवाए और उनकी मदद के लिए आगे आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदा-खिरकिया मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए थे। दुर्घटना देखकर कलेक्टर सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक जायसवाल ने तत्काल स्थिति का जायजा लिया और घायलों को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस अधीक्षक के वाहन एवं नायब तहसीलदार के वाहन से घायलों को हरदा एवं खिरकिया के अस्पतालों में उपचार के लिए भिजवाया गया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की। अधिकारियों की इस संवेदनशीलता एवं मानवीय पहल से दुर्घटना के समय घायलों को तत्काल मदद मिल सकी।







