पावनसिटी हरदा

संपादक सैयद अशफाक अली

मो. 9425045481

छात्र-छात्राओं को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश

हरदा – कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने गुरूवार को जिला मुख्यालय पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय उत्कृष्ट बालक एवं बालिका छात्रावास, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस बालक एवं बालिका छात्रावास, कन्या छात्रावास परिसर अंतर्गत संचालित छात्रावासों एवं शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास तथा शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास सहित राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह बालक आश्रम का निरीक्षण कर वहां छात्राओं को उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि यहां निवासरत छात्र-छात्राओं को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाए। सभी छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं का विवरण एवं बजट की जानकारी का पटल लगाने के निर्देश दिये गये।

निरीक्षण के दौरान उन्होने कहा कि जिले में संचालित मिशन कोड शक्ति अंतर्गत छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों को कम्प्यूटर कोडिंग की शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। छात्रावासों में गीले एवं सूखे कचरे के निष्पादन की पृथक-पृथक व्यवस्था हो। छात्रावासों के कक्षों में प्रकाश के पर्याप्त इंतजाम रहें। विद्यार्थियों को मिलने वाला भोजन उत्तम गुणवत्ता का हो, यह सुनिश्चित किया जाए। छात्रावासों के टायलेट साफ सुथरे रखे जाने के भी निर्देश दिये गये। साथ ही कहा गया कि छात्रावासों के परिसर में विद्यार्थियों को खेलने की व्यवस्था की जाए। छात्रावासों में पुस्तकालयों का भी संचालन हो और ज्ञानवर्धक फिल्में भी विद्यार्थियों को दिखाई जाए। भ्रमण के दौरान छीपानेर रोड़ स्थित शासकीय पोस्ट मेट्रिक पिछड़ा वर्ग छात्रावास में पहुँच मार्ग पर अतिक्रमण की जानकारी मिलने पर एसडीएम हरदा को जांच करने के निर्देश दिये गये। साथ ही छात्रावास की संरचनात्मक स्थिति की जांच भी करवाने के लिये सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग को निर्देशित किया गया। उन्होने तवा कालोनी स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास के निरीक्षण के दौरान चल रहे मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान कलेक्टर द्वारा छात्रावासों में स्वच्छता का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्री प्रमोद माथुर, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग श्री विवेक सिंह, डीपीसी सुश्री गरीमा टोप्पो सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 11 सितम्बर को मांदला में लगेगा शिविर

 

हरदा – ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के तहत हरदा जिले में प्रत्येक शुक्रवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। इसी क्रम में खिरकिया विकासखण्ड के ग्राम मांदला में 11 सितम्बर को शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सक्तापुर, बड़नगर, बारंगा, बारंगी, काल्याखेड़ी, खमलाय, मांदला, ढोलगांवकला, बेड़ियाकला, मरदानपुर, रहटकला, कालकुण्ड व नीमखेड़ा माल के ग्रामीण शामिल होंगे। इस शिविर में उद्यम संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

पंचायत उप निर्वाचन हेतु नियुक्त प्रेक्षक 14 सितम्बर को हरदा आयेंगे

 

कलेक्टर ने अधिकारियों को दायित्व सौंपे

हरदा – मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा पंचायत उप निर्वाचन 2026 के पर्यवेक्षण हेतु श्री डी.डी. अग्रवाल, भा.प्र.से. (सेवा निवृत्त) के स्थान पर श्री एस.एस. राठौर रा.प्र.से. (सेवा निवृत्त) को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। श्री राठौर का मोबाइल नम्बर 9713030989 है। प्रेक्षक श्री राठौर प्रथम चरण में 14 से 18 सितम्बर तथा द्वितीय चरण में 28 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक जिले के प्रवास पर रहेंगे।

प्रेक्षक महोदय की व्यवस्था हेतु कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने आदेश जारी कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपा है। जारी आदेश अनुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हरदा  अशोक कुमार डेहरिया को प्रेक्षक से संपर्क, आवासीय, वाहन व्यवस्था सहित अन्य संपूर्ण व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। साथ ही जिला आबकारी अधिकारी हरदा  सुनील कुमार भोजने को सहायक/लाईजनिंग ऑफिसर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी को  रोशन सिंह बाथम को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में कक्ष, फैक्स, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट की व्यवस्था, सहायक ग्रेड-02 जिला पंचायत श्री राजरतन ठाकुर को लिपिकीय व्यवस्था, ऑपरेटर जनपद पंचायत श्री नीरज काले को कंप्यूटर ऑपरेटर तथा भृत्य नगर पालिका श्री ओम प्रकाश उईके, को अर्दली के रूप में नियुक्त किया गया है।

 

दुर्घटना में मृत्यु के तीन प्रकरणों में 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

हरदा- अनुविभागीय अधिकारी राजस्व टिमरनी श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया ने दुर्घटना के तीन प्रकरणों में मृतक के परिजन को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। जारी आदेश अनुसार सर्पदंश से मृत्यु होने पर मृतक सुभाष पिता लालसिंह निवासी कायदा के वैधवारसान पिता श्री लालसिंह पिता छोटेलाल निवासी कायदा तथा मृतक गोलम बागमारे पिता सुखराम निवासी कैली के वैधवारसान पत्नि दुर्गा बागमारे को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अलावा एक अन्य प्रकरण में पानी में डूबने से मृत्यु होने पर मृतक रेवाराम पिता घासीराम निवासी उन्द्राकच्छ के वैधवारसान भाई राजनाथ पिता घासीराम निवासी इन्दौर को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। श्री बड़ोनिया ने बताया कि प्रकरणों में चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के देयक जनरेट कर कोषालय में प्रस्तुत किए गये हैं।

 

*गणेशोत्सव में झांकी-पंडाल की बिजली साज-सज्जा के लिए अस्थाई कनेक्शन जरूरी*

*मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने धार्मिक उत्सव समितियों से की अपील*

हरदा -गणेशोत्सव त्यौहार (14 सितम्बर) तथा अन्य त्यौहारों में पंडालों को अस्थायी कनेक्शन देने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने माकूल प्रबंध किए हैं। कंपनी ने धार्मिक उत्सव समितियों और बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गणेशोत्सव के दौरान धार्मिक पण्डालों एवं झॉंकियों में बिजली साज-सज्जा,नियमानुसार ऑनलाइन अस्थाई कनेक्शन लेकर ही करें।

अस्थाई कनेक्शन लेने हेतु क्या करें

बिजली कंपनी के पोर्टल http://saralsanyojan.mpcz.in:8888/home पर जाकर निर्धारित प्रपत्र में सही, संयोजित विद्युत भार को दर्शाते हुए अस्थायी कनेक्शन हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करें। लायसेंसी विद्युत ठेकेदार की टेस्ट रिपोर्ट आवेदन में संलग्न करें एवं वायरिंग इत्यादि लायसेंसधारी विद्युत ठेकेदार से ही करवाएं। आवेदन में दर्शाए अनुसार विद्युत भार के अनुरूप सुरक्षा निधि एवं अनुमानित विद्युत उपभोग की राशि अग्रिम जमा कराकर बिजली कंपनी से अस्थाई कनेक्शन की रसीद अवश्य लें। रसीद की लेमीनेटेड प्रति अनिवार्य रूप से पंडाल/झॉंकी के सामने लगाएं। आवेदित विद्युत भार से अधिक भार का उपयोग विद्युत साज-सज्जा के लिए न करें। विद्युत कनेक्शन मीटरीकृत होगा एवं विद्युत देयक की बिलिंग नियमानुसार अस्थायी कनेक्शन हेतु लागू घरेलू दर पर की जाएगी। झांकियों के निर्माण एवं विद्युत साज-सज्जा में सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। अनधिकृत तरीके से विद्युत का उपयोग न करें। अधिक जानकारी के लिए कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर भी कॉल कर सकते हैं।

अस्थाई कनेक्शन न लेने से होने वाले नुकसान

अधिक भार से ट्रांसफार्मर के जलने की संभावना तथा दुर्घटना की आशंका रहती है। पारेषण एव वितरण प्रणाली पर विपरीत असर होने से अंधेरे की संभावना रहती है। अनधिकृत विद्युत उपयोग करने पर इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 के तहत उपयोगकर्ता एवं जिस विद्युत ठेकेदार से कार्य कराया गया है, उनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही होगी। अनधिकृत विद्युत उपयोग की दशा में संबंधित विद्युत ठेकेदार के लायसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी।

 

*त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन हेतु कंट्रोल रूम स्थापित*

हरदा – जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के सुचारू रूप से संचालन के लिये कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 81 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07577-225004 है। नायब तहसीलदार श्री शिवकुमार मण्डलोई को कंट्रोल रूम का नोडल नियुक्त किया गया है। अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी स्थानीय निर्वाचन श्री पुरूषोत्तम कुमार ने आदेश जारी कर कंट्रोल में तीन शिफ्टों में अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।

Leave a Reply