आईकॉन कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट में विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न

हरदा _ म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन एवं प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष, श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में  आईकॉन कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट, हरदा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित न्यायाधीश व सचिव चंद्रशेखर राठौर ने बताया कि बाल अधिकार जागरूकता अभियान के अंतर्गत बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। यह अभियान बच्चों के अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जागरूकता बढ़ाने, शिक्षा को बढ़ावा देने, बाल यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम आदि के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए है। साथ ही ’’नालसा डॉन स्कीम 2025’’ की जानकारी देते हुए उन्होने बताया कि यह योजना राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा द्वारा नशा उन्मूलन हेतु शुरू की गई एक पहल है। इसका उद्देश्य, विशेष रूप से युवा व किशोरों में नशीले पदार्थों के उपयोग के विरूद्ध जागरूकता बढ़ाना और नशे के शिकार लोगों को कानूनी सहायता और कल्याणकारी सेवाएं प्रदान करना है। उन्होने नालसा (नशा पीड़ितोे को विधिक सेवाएंे एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक सेवाऐं) योजना, 2015 के उपबंधों की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत ड्रग्स तस्करी एवं ड्रग्स पीड़ितों को जिला प्राधिकरण के द्वारा आवश्यक विधिक सेवा उपलब्ध करायी जाती है। योजना के तहत ड्रग्स पीड़ितों को पहचानने, उनका उपचार करने तथा नशा मुक्ति के पश्चात उनके पुनर्वास में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं को गतिमान कराया जाता है। साथ ही उनके द्वारा विभिन्न यातायात नियमों, सायबर अपराध से जुड़े तथ्यों के साथ ही नालसा व सालसा की चल रही विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं तथा चाइल्ड हेल्पलाईन टोलफ्री नंबर 1098 एवं सायबर अपराध हेल्पलाईन टोलफ्री नंबर 1930 की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर बताया गया कि कोई भी पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा या अन्य विधिक सेवा संस्थान में उपस्थित होकर, पत्र के माध्यम से, नालसा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर, नालसा हेल्पलाईन टोलफ्री नंबर-15100 पर कॉल कर, विधिक सहायता/सलाह आसानी से प्राप्त कर सकता है। शिविर में कोचिंग सेन्टर के संचालक श्री नवनीत गौर, विद्यार्थीगण तथा पैरालीगल वॉलेंटियर सुनीता साहू उपस्थित रहे।

Leave a Reply