पावनसिटी हरदा
हरदा। आगामी सिंहस्थ उज्जैन-2028 के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था संबंधी तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस लाइन हरदा में नगर/ग्राम रक्षा समिति सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न नगरों एवं ग्रामों से आए नगर/ग्राम रक्षा समिति सदस्यों को स्वयंसेवक (वॉलिंटियर) के रूप में दायित्वों के निर्वहन हेतु विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, डीएसपी महिला सेल सुश्री अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर, यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, लापता व्यक्तियों एवं बच्चों की सहायता, संचार एवं समन्वय व्यवस्था, प्राथमिक उपचार तथा जनसहयोग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों द्वारा समिति सदस्यों को विभिन्न परिस्थितियों में संयमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करते हुए पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

