लाभार्थी संतुष्टि शिविर, स्वास्थ्य केंद्र और मंडी का लिया जायजा
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने शुक्रवार को जिले के ग्राम कपासी, छिदगांव मेल और टिमरनी का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों और संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान’ एवं ‘प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान’ के तहत आयोजित ‘लाभार्थी संतुष्टि शिविर’ में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होने इस दौरान ग्रामीणों से पेयजल व्यवस्था तथा गांव में नामांकन व बंटवारा की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होने उपस्थित किसानों से उपार्जन व्यवस्था पर भी चर्चा की। उन्होने किसानों से उर्वरक का अग्रिम उठाव करने के लिये भी कहा। कलेक्टर ने शिविर में दिव्यांग तुलसीराम हरिप्रसाद को पात्रता अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा ग्रामीण आवास प्लस योजना के तहत हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायत में चस्पा करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 27 हितग्राहियों का उपचार किया गया। उन्होने बरूढ़ घाट में संचालित कान्हा श्री गौ धाम का निरीक्षण कर वहां बायो गैस प्लान्ट लगवाने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कपासी के ग्राम बरूड़ घाट से गौशाला पहुँच मार्ग का भी निरीक्षण किया।
छिदगांव मेल में उपस्वास्थ्य केन्द्र व वेयरहाउस की व्यवस्था देखीं
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ग्राम छिदगांव मेल में उपस्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होने अनमोल एप व एनसीडी आंकड़ों की जानकारी ली। कलेक्टर ने श्री वल्लभ वेयरहाउस का निरीक्षण कर भण्डारण, तुलाई एवं हम्मालों की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होने इस दौरान किसानों के लिये उपार्जन केन्द्र पर की गई छाया पानी की व्यवस्था भी देखी। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उपार्जन कार्य में किसानों को कोई समस्या न हो।
टिमरनी में कृषि उपज मंडी व वेयरहाउस का निरीक्षण
कलेक्टर जैन ने टिमरनी पहुंचकर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होने एसडीएम टिमरनी संजीव नागू को व्यापारियों द्वारा शेड में रखे माल को हटाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि यदि कोई व्यापारी माल नहीं हटाता है तो उससे किराया वसूल किया जाए। इस दौरान उन्होने ग्राम पिपल्यामाफी में श्याम वेयरहाउस का निरीक्षण कर वहां उपार्जन व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू, जिला संयाजक जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती पारूल जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

