कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं
वर्षा के दौरान सुरक्षा को लेकर कलेक्टर की अपील
नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें नागरिक
स्वतंत्रता दिवस पर शुष्क दिवस घोषित
स्वतंत्रता दिवस पर शुष्क दिवस घोषित
खाद्य प्रतिष्ठानों से घी के नमूने लिये
दूध व पनीर के नमूने अवमानक पाये जाने पर नोटिस जारी
पिछले 24 घंटों में जिले में 20.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
शासकीय आईटीआई में प्रवेश का पांचवां चरण 12 अगस्त से शुरू होगा
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान
हरदा – कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रवीण इवने, एसडीएम खिरकिया सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा श्री अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्वेता बम्होरे सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में हरदा के शेख मजीद व वार्ड क्रमांक 35 निवासी अशोक ने आवेदन देकर विद्युत बिल अधिक आने के संबंध में शिकायत की, जिस पर महाप्रबन्धक विद्युत वितरण कम्पनी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम गोदड़ी निवासी दयाराम मानकर अपने पुत्र का प्रवेश सीएम राइज स्कूल करताना में कराने हेतु आवेदन दिया, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी को पात्रता अनुसार प्रवेश कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम बैड़ियाकला के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर मुहालकला फिडर से आने वाली एचपीसीएल लाइन के खम्बे ठीक कराने तथा ग्राम भीमपुरा से बैड़ियाकला तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की मरम्मत कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम रातातलाई निवासी देवलाल ने दो माह का राशन प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
वर्षा के दौरान सुरक्षा को लेकर कलेक्टर की अपील
नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें नागरिक
हरदा – जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने आमजन से वर्षा के दौरान विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक स्वयं की एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें और मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक जोखिम लेने से बचें। कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि तेज बारिश के दौरान नदी, नाले, पुल-पुलिया एवं रपटों में पानी का बहाव बढ़ सकता है। ऐसे स्थानों पर पानी बहने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास नहीं करें। जलभराव वाले क्षेत्रों एवं तेज बहाव वाले पानी में वाहन लेकर जाने से भी बचें। बच्चों एवं बुजुर्गों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों से दूर रखें। उन्होंने आकाशीय बिजली से बचाव के लिए भी सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़, बिजली के खंभों एवं अन्य ऊंचे स्थानों पर खड़े न रहें और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। किसान भाई भी मौसम खराब होने पर खेतों में कार्य करने से बचें।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा के दौरान गिरे हुए बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें तथा विद्युत संबंधी किसी भी जोखिम की स्थिति में स्वयं उसे ठीक करने का प्रयास न करें। घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी प्राप्त करें और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सतर्कता और सावधानी ही वर्षा ऋतु में सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है। नागरिक किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा आपदा प्रबंधन अमले को सूचना दें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा में भी सहयोग करें।
स्वतंत्रता दिवस पर शुष्क दिवस घोषित
हरदा – कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सिद्धार्थ जैन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को शुष्क दिवस घोषित किया है। जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील भोजने ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले की सभी कम्पोजिट मदिरा दुकानें, एम्बी वाईन शॉप, एफ.एल.एल.-2 बार एण्ड रेस्टोरेन्ट तथा सीपवेल आउटलेट एवं वायनरी की दुकानें पूरे दिन बन्द रखी जायेंगी। इस अवधि में देशी व विदेशी मदिरा का क्रय-विक्रय एवं परिवहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
हर घर तिरंगा अभियान: खिलाड़ियों ने घर-घर तिरंगा फहराने का लिया संकल्प
तिरंगा रैली में गूंजे भारत माता और वंदे मातरम् के जयघोष
हरदा- हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सोमवार को स्थानीय नेहरू स्टेडियम से तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में फुटबॉल, हॉकी, खो-खो, पुलिस भर्ती क्लब, कबड्डी, वॉलीबॉल एवं क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया।
ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान ने बताया कि रैली का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री रामनिवास जाट, ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान एवं खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक श्री भूपेंद्र सिंह तोमर ने किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा रैली नेहरू स्टेडियम गेट नंबर-4 से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक, सनफ्लॉवर स्कूल, वीर तेजाजी चौक, बलराम चौक, नायरा पेट्रोल पंप से होकर नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर-1 पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में हॉकी कोच श्री संदीप सौदे, फुटबाल कोच श्री अजय पुरवइया, कोच श्री अभिषेक राजपूत, खो खो कोच सुश्री पलक उइके, श्री इमरान खान, एथेलेटिक्स कोच श्री राजेश जाट सहित खिलाड़ी व नागरिकजन उपस्थित रहे।
रैली के माध्यम से खिलाड़ियों ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। खिलाड़ियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, हरदा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं खिलाड़ियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और नागरिकों में देशभक्ति की भावना जगाना है।
पिछले 24 घंटों में जिले में 20.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
हरदा- जिले में गत चौबीस घंटों में 20.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया गत चौबीस घंटे में हरदा तहसील में 17.8 मि.मी., टिमरनी में 25.5 मि.मी., खिरकिया में 40.4 मि.मी., सिराली में 5.7 मि.मी. तथा रहटगांव में 13 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस वर्ष अब तक जिले में 564.9 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है। इस वर्ष अब तक हरदा तहसील में 607.1 मि.मी., टिमरनी में 580.3 मि.मी., खिरकिया में 643.4 मि.मी., सिराली में 489.5 तथा रहटगांव में 504.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि गत वर्ष की 11 अगस्त तक 648.2 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी थी।
शासकीय आईटीआई में प्रवेश का पांचवां चरण 12 अगस्त से शुरू होगा
विद्यार्थी 16 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन में संशोधन व प्राथमिकता चयन
हरदा – कौशल विकास संचालनालय के अंतर्गत हरदा जिले में संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में एनसीवीटी पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पांचवें चरण (ओपन कन्वर्जन राउंड) की काउंसलिंग प्रक्रिया 12 अगस्त 2026 से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्राचार्य आईटीआई हरदा ने बताया कि इस अवधि के दौरान इच्छुक आवेदक नया ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं, साथ ही पूर्व में पंजीकृत अभ्यर्थी अपने आवेदनों में त्रुटि सुधार और इच्छित संस्थाओं व व्यवसायों (ट्रेड) के प्राथमिकता क्रम का चयन (चॉइस फिलिंग) भी कर सकेंगे। इस आवेदन प्रक्रिया के पूरा होने के बाद पांचवें चरण की अंतिम चयन (मेरिट) सूची 20 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी, जिसके आधार पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।
खाद्य प्रतिष्ठानों से घी के नमूने लिये
दूध व पनीर के नमूने अवमानक पाये जाने पर नोटिस जारी
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को हरदा के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिये। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजेन्द्र कांबले ने बताया कि इस दौरान हरदा में समर्पण प्रोविजन तथा अग्रवाल प्रोविजन से घी सैंपल लिया गया। सैंपल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएंगी। श्री कांबले ने बताया कि पूर्व में माँ भगवती राजस्थान स्वीट नमकीन चारूवा का पनीर, मां रेवा डेरी हरदा तथा कैलाश भैया दूध डेरी हरदा का दूध सैंपल अवमानक पाया गया। पनीर के सैंपल में मॉइस्चर व फैट कम पाया गया। इसी प्रकार दोनों दूध में एसएनएफ कम पाया। तीनों प्रतिष्ठानों को 46(4) का नोटिस जारी किया गया। इसके बाद तीनों प्रतिष्ठानों का प्रकरण सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।
हरदा – स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 का राष्ट्रीय पर्व जिले में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने शासन से प्राप्त निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि शासन द्वारा जारी कार्यक्रम रूपरेखा के अनुसार जिला स्तर पर मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं परेड की सलामी होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेशवासियों के नाम संदेश प्रातः 9ः25 से 9ः55 बजे तक प्रसारित किया जाएगा। जिला स्तर के समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा संक्षिप्त बधाई संदेश भी पढ़ा जाएगा। समारोह में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी होंगे आयोजन
जनपद पंचायत मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा सामूहिक राष्ट्रगान होगा। जिन नगरीय निकायों में मुख्यालय पर ब्लॉक मुख्यालय नहीं है, वहां नगर पालिका/नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सरपंच द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। जिले के सांसद, विधायक, पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।
शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में भी होंगे कार्यक्रम
सभी शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में गत वर्ष की भांति प्रातः 8 बजे अथवा उससे पूर्व ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थाओं में मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रातःकाल प्रभातफेरी भी आयोजित की जाएगी। स्कूल एवं कॉलेजों में खेलकूद तथा अन्य कौशल प्रदर्शन, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, लघु बचत, जनसंख्या स्थिरीकरण एवं स्वच्छता अभियान जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां तथा पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं मेडल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वृक्षारोपण कार्यक्रम भी किए जाएंगे।
स्कूल-कॉलेजों में राष्ट्रीय एकता के समूहगान एवं जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दौड़
स्कूल एवं कॉलेजों में जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर राष्ट्रीय एकता के समूहगान आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोहों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर देशभक्ति से प्रेरित गीतों का चयन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा की आवश्यक व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
शासकीय भवनों पर होगी आकर्षक रोशनी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश में स्थित सभी शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर 14 एवं 15 अगस्त की रात आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों तथा प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर अथवा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि द्वारा उनके निवास पर जाकर शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर श्री जैन ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

