बनारस-हड़पपुर-बनारस ट्रेन से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन एवं यात्री सुविधा को बढ़ावा मिलेगा – केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री डी.डी. उइके
हरदा के पूर्व केंद्रीय मंत्री  कमल पटेल भी मौजूद थे उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार के रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार ने हमेशा ही जनता के हित में  कार्य किया है आगे भी प्रयास रहेंगे कि जो गाड़ियों के स्टाफ की हरदा जनता की मांग है उनको भी जल्दी रेल मंत्री से कहकर उन गाड़ियों को भी स्टाफ किया जाएगा इससे हरदा के व्यापारियों एवं कॉलेज में पढ़ने वाले छात्राओं को जाने के लिए सुविधा युक्त गाड़ी मिल गई है उनको यात्रा करने में अब आसानी होगी पहले उन लोगों को इटारसी या खंडवा जाकर इन गाड़ियों से ट्रेन का सफर करना पड़ता था अब उनको अपने जिले हरदा में ही दिए गाड़ी प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी
हरदा – केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री श्री डी.डी. उइके ने कहा कि बनारस हडपसर  बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस के प्रारम्भ होने से हरदा एवं आसपास के क्षेत्र को व्यापार, पर्यटन एवं यात्री सुविधा का बढ़ावा मिलेगा। यह ट्रेन आधूनिक रेल सुविधाओं से सुसज्जित है। इस ट्रेन का सबसे बड़ा लाभ मध्यम एवं सामान्य दर्जे के यात्रियों को होगा। उन्होने कहा कि इस ट्रेन के प्रारम्भ होने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चल रही मांग पूरी हुई है। जिले में मिली इस सुविधा का स्वागत है। श्री उइके बुधवार को हरदा में पहली बार अमृत भारत एक्सप्रेस पहुँचने पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, पूर्व मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, सदस्य जेडआरयूसीसी रेल मंत्रालय भारत सरकार सुयोग सोनी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर अतिथियों ने हरदा रेल्वे स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत किया एवं यहां से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। अतिथियों ने रेल चालक दल का भी शॉल, श्रीफल एवं पुष्पहार से स्वागत किया। अतिथियों ने इस ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों को भी शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. आर.के. दोगने ने कहा कि इस ट्रेन से जिले के यात्रियों को पूणे से बनारस के बीच आवागमन सुविधा मिलेगी। जिले के नागरिकों को इस ट्रेन की सुविधा मिलने पर शुभकामनाएं। उल्लेखनीय है कि अमृत भारत एक्सप्रेस का गत दिवस बनारस में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक श्री अविराम खरे ने अपने संबोधन में बताया कि 110 कि.मी. प्रति घण्टे की स्पीड तक चलने वाली इस अमृत भारत एक्सप्रेस को अत्याधूनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इस ट्रेन में प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग एवं स्नेक टेबल की सुविधा रहेगी। ट्रेन की सीटों को आरामदायक बनाया गया है। ट्रेन में स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इस ट्रेन में 22 कोच रहेंगे।
श्री खरे ने बताया कि गाड़ी संख्या 02531 बनारस-हडपसर-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन भोपाल मंडल के बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी एवं हरदा स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यह ट्रेन भोपाल मंडल के बीना में 05ः15 बजे पहुँचेगी तथा 05ः20 बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार रानी कमलापति में आगमन 07ः35 बजे, प्रस्थान 07ः40 बजे, नर्मदापुरम में आगमन 08ः50 बजे, प्रस्थान 08ः55 बजे, इटारसी में आगमन 09ः25 बजे, प्रस्थान 09ः30 बजे तथा हरदा में आगमन 10ः20 बजे तथा प्रस्थान 10ः25 बजे होगा। इसके पश्चात यह ट्रेन खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर एवं दौंड कॉर्ड लाइन होते हुए अगले दिन 00ः55 बजे हडपसर पहुंचेगी।
इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। साथ ही प्रदर्शनी का भी आयोजन किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरूस्कृत भी किया। कार्यक्रम में सीनियर डीबीएम वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक श्री श्याम सिंह बरेडिया, कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक श्री शशांक सहित रेल्वे के अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में राल्सन टायर्स का कैंपस ड्राइव 30 अप्रैल को
डिप्लोमा और आईटीआई पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
हरदा – युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में राल्सन टायर्स लिमिटेड कम्पनी की कैम्पस ड्राइव 30 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से आयोजित की गई है। प्राचार्य शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा ने बताया कि यह कैम्पस ड्राइव ‘डिप्लोमा अप्रेंटिस ट्रेनी’ और स्टूडेंट ट्रेनी के पदों के लिए है। कैम्पस ड्राइव में डिप्लोमा अप्रेंटिस ट्रेनी के पद के लिये शैक्षणिक योग्यता मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, टूल एंड डाई, ऑटोमोबाइल आदि शाखा में 2023, 2024 व 2025 के पास आउट और 2026 के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी सम्मिलित हो सकते है। इसी प्रकार स्टूडेंट ट्रेनी पद के लिये मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, टूल एंड डाई, ऑटोमोबाइल, फिटर, वेल्डर, डीजल शाखा में वर्ष 2024, 2025 और 2026 पास आउट विद्यार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। कैम्पस ड्राइव में सम्मिलित होने के इच्छुक विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेज अपडेटेड बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो, सभी शैक्षणिक मार्कशीट, सर्टिफिकेट ओरिजिनल व फोटोकॉपी तथा आधार कार्ड सहित उपस्थित हो सकते है।

अब उच्चदाब उपभोक्ताओं के लिए ऑनलाइन ई-स्टाम्प और अनुबंध की सुविधा उपलब्ध
हरदा – मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग में आने वाले 16 जिलों के उच्चदाब उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। कंपनी ने अब उच्चदाब नवीन संयोजन के प्रकरणों में अनुबंध निष्पादन के लिए अपने पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ई-स्टाम्प प्रक्रिया लागू कर दी है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कहा है कि कंपनी द्वारा शुरू की गई इस नई व्यवस्था के तहत, कंपनी के एचटी संयोजन पोर्टल को सीधे पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के संपदा 2.0 पोर्टल के साथ एकीकृत किया गया है। कंपनी ने पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग से विधिवत लाइसेंस प्राप्त कर यह सुविधा शुरू की है, जिससे ई-स्टाम्प जनरेशन और ई-हस्ताक्षर की पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन और सुलभ हो गई है।
कार्यालय जाने की जरूरत नहीं, घर बैठे होगा अनुबंध
उच्चदाब उपभोक्ताओं को अब नवीन संयोजन के लिए ई-स्टाम्प या अनुबंध के लिए किसी सरकारी दफ्तर या बिजली कंपनी के कार्यालय में आने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता अपने मोबाइल या ईमेल पर प्राप्त एसएमएस या लिंक के माध्यम से आधार  आधारित ई-साइन या डिजिटल सिग्नेचर का उपयोग कर सीधे संबंधित वृत्त के महाप्रबंधक के साथ अनुबंध निष्पादित कर सकेंगे। नये उच्चदाब कनेक्शन के लिए आवेदक दिए गये लिंक https://htsanyojan.mpcz.in:8089/applicantLogin पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है  कि कंपनी अपने उपभोक्ताओं को त्वरित और आधुनिक सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। यह नई ऑनलाइन अनुबंध व्यवस्था उसी कड़ी का एक हिस्सा है, जिससे उद्योगों और बड़े उपभोक्ताओं के लिए घर बैठै बिजली कनेक्शन लेना अब बेहद आसान हो गया है।

Leave a Reply