राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य 4-5 जून को हरदा दौरे पर रहेंगे
टिमरनी व हरदा में करेंगे जनसंवाद, राधाबाई घाट का करेंगे निरीक्षण
हरदा – राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग नई दिल्ली के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो 4 और 5 जून 2026 को हरदा जिले के दौरे पर रहेंगे। श्री कानूनगो 4 जून को दोपहर 3ः30 बजे टिमरनी पहुँचेंगे। जारी कार्यक्रम अनुसार श्री कानूनगो दोपहर 3ः30 बजे से टिमरनी में टिमरन नदी के राधाबाई घाट का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद स्थानीय नागरिकों से मानव अधिकारों के समसामयिक मुद्दों पर संवाद करेंगे। श्री कानूनगो हरदा में रात्रि विश्राम कर 5 जून को प्रातः 10 बजे से हरदा जिले में मानव अधिकारों और समावेशी विकास से जुड़े प्रमुख विषयों के क्रियान्वयन की स्थिति व जमीनी हकीकत की व्यापक समीक्षा करेंगे तथा मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। तदुपरान्त पूर्वान्ह 11ः30 बजे हरदा से प्रस्थान करेंगे।
हरदा में हवाई हमले व ब्लैकआउट संबंधी मॉकड्रिल का आयोजन 4 जून को
पुलिस लाइन में सायरन, निकासी व रेस्क्यू का होगा अभ्यास
हरदा – नागरिक सुरक्षा तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले के रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में 4 जून गुरूवार को शाम 7 बजे सिविल डिफेंस हवाई हमले/ ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के सभी जिलों में सिविल डिफेंस, हवाई हमले एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज कराने के निर्देश दिए गए हैं। उसी के परिपालन में हरदा में यह मॉकड्रिल आयोजित की जा रही है।
अभ्यास के दौरान सायरन बजना, आपातकालीन वाहनों की आवाजाही, खोज एवं बचाव गतिविधियां तथा अन्य आपदा प्रबंधन संबंधी कार्यवाही दिखाई दे सकती है। यह सभी गतिविधियां केवल प्रशिक्षण एवं तैयारी का हिस्सा हैं। नागरिकों से आग्रह है कि वे पूरी तरह निश्चिंत रहें तथा किसी प्रकार की चिंता या भ्रम की स्थिति न बनने दें। यह एक पूर्व नियोजित अभ्यास है और इसका उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। जिला प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील की है एवं अभ्यास के दौरान प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करें तथा सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित न करें।
जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए 5 से 21 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा
हरदा- जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिएविश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान के लिए सभी संभाग आयुक्त, कलेक्टर और जिला पंचायत के सीईओ को निर्देश जारी किए हैं।
*विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड मां के नाम’ अभियान*
विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 को प्रत्येक विकास खण्ड/नगरीय निकायों में ‘एक पेड मां के नाम’ अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान में विद्यालयों/महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम 21 जून 2026 तक चलेंगे। पौधरोपण अभियान में पीपल, आम, बरगद, नीम आदि के पौधरोपण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का नोडल विभाग पर्यावरण विभाग रहेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय विकास एवं आवास, वन, उद्यानिकी इस अभियान को क्रियान्वित करायेंगे।
स्वच्छता अभियान
स्वच्छता अभियान में प्लास्टिक अपशिष्ट की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इस अभियान में ग्रामीण क्षेत्र के लिए ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय क्षेत्र के लिये नगरीय विकास एवं आवास विभाग नोडल विभाग रहेगा। शासकीय कार्यालय भवन, स्कूल भवन, छात्रावास भवन आदि में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। जल स्रोतों के आसपास सफाई एवं गहरीकरण आदि गतिविधियां की जाएंगी।
तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन
इस दौरान जनकल्याण शिविर 12 से 18 जून 2026 की अवधि में जिले के प्रत्येक विकास खण्ड/नगरीय निकाय मुख्यालयों पर आयोजित होंगे जिनमें केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण किए जायेंगे। शिविर 03 दिवसीय होगा। मैदानी अमले के सहयोग से लाभार्थियों को शिविर तक लाने का कार्य किया जायेगा। आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी एवं वीबी-जी-रामजी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन कराया जायेगा। सी.एम. हेल्प लाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत अभियान अवधि में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जायेगा। इन शिविरों में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विकास एवं प्रगति की प्रदर्शनी जनसम्पर्क विभाग के सहयोग से आयोजित की जायेगी। इसमें प्रबुद्ध जनों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। इन शिविरों में सफलता की कहानी, चित्रकला प्रतियोगिता, लाभार्थियों के अनुभव साझा करना जैसे कार्यक्रम भी समानान्तर रूप से आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के लिए नोडल विभाग पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, राजस्व विभाग तथा लोक सेवा प्रबंधन विभाग होंगे।
प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं
प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 19 एवं 20 जून 2026 को प्रत्येक जिले में 2 स्थानों पर कृषि विशेषज्ञों/वैज्ञानिकों एवं अन्य अनुभवी व्यक्तियों द्वारा प्रदर्शन एवं व्याख्यान सहित प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इस कार्यक्रम के लिए किसान कल्याण तथा कृषि विकास नोडल विभाग तथा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग सहयोगी विभाग होगा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 को प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकायों में स्थानीय योग समूह के सहयोग से मनाया जाऐगा। योग अभ्यास के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जायेगा। जहां संभव हो वहां एक सप्ताह का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किये जाएंगे। कार्यक्रम का नोडल विभाग आयुष विभाग होगा। खेल एवं युवक कल्याण, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग सहयोगी विभाग रहेंगे। नोडल विभाग तथा जिला कलेक्टर आवश्यकता अनुसार अन्य विभागों से समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनाना सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम के आयोजनों में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखी जायेगी। उपरोक्त कार्यक्रमों के आयोजनों की रूप रेखा को अंतिम स्वरूप देने के लिए यथा कार्यक्रम स्थल, मुख्य अतिथि आदि के निर्धारण में जिले के प्रभारी मंत्री का अनुमोदन प्राप्त किया जायेगा।
विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का होगा आयोजन
हरदा – मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 5 जून 2026 को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष इन ग्राम सभाओं को केंद्र सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु’ अभियान से जोड़ा गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्ण स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है।
इस विशेष बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों के समन्वय से कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। ग्राम सभा में पर्यावरण एवं कचरा प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत गाँवों में घर-घर से कचरा संग्रहण और स्रोतों पर ही कचरे को 4 श्रेणियों में अलग-अलग (गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष कचरा) करने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही सिंगल-यूज़ प्लास्टिक को पूरी तरह बंद करने और ‘कम उपयोग-पुनः उपयोग-पुनर्चक्रण’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। ग्राम सभा में धरती माता बचाओ अभियान के तहत किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध उपयोग को रोकने, अवैध प्रवाह की निगरानी करने और जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर ‘धरती माता बचाओ निगरानी समिति’ का गठन किया जाएगा। इसके अलावा किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से डिजिटल टोकन द्वारा उर्वरक प्रदाय की सुविधा की जानकारी दी जाएगी। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 और पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। किशोरियों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन और आंगनवाड़ियों में बच्चों के शत-प्रतिशत प्रवेश (प्रवेशोत्सव कार्यक्रम) पर भी चर्चा होगी। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से मिलने वाली 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन और ‘राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन 2047’ के तहत स्क्रीनिंग जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विश्व क्लब फुट दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
हरदा – जिला चिकित्सालय हरदा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से बुधवार को एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी.सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में क्लब फुट जैसी जन्मजात विकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए प्रभावित बच्चों को समय पर निःशुल्क उपचार प्रदान कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब फुट से प्रभावित 2 नवजात बच्चों का प्लास्टर उपचार (कास्टिंग) किया गया, वहीं 3 बच्चों को उपचार के अगले चरण के लिए विशेष प्रकार के जूते (ब्रेसेस) प्रदान किए गए। इस अवसर पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक जाट, डॉ. मनीराम उईके, डॉ अस्पाक खान, प्रभारी जिला समन्वयक आरबीएसके श्री आशीष साकल्ले, सुश्री पारूल काशिव, श्री नीरज मालवीय, अनुष्का फाउंडेशन से श्री विकास राजपूत सहित बच्चों के परिजन उपस्थित रहे।
क्लब फुट क्या है ?
जिला चिकित्सालय हरदा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक जाट ने बताया कि क्लब फुट एक जन्मजात विकृति है, जिसमें नवजात शिशु के एक या दोनों पैर अंदर व नीचे की ओर मुड़े होते हैं। यदि समय पर उपचार न कराया जाए तो भविष्य में चलने-फिरने में कठिनाई हो सकती है। यह समस्या जन्म के समय ही दिखाई देती है और इसका उपचार पूरी तरह संभव है। जिला चिकित्सालय हरदा में प्रति बुधवार क्लब फुट क्लिनिक लगाया जाता है ।
क्लब फुट का उपचार
विशेषज्ञों ने बताया कि क्लब फुट का उपचार जन्म के तुरंत बाद या जीवन के प्रारंभिक सप्ताहों में शुरू करना सबसे प्रभावी रहता है। पोंसेटी विधि के माध्यम से क्रमिक प्लास्टर लगाए जाते हैं, आवश्यकतानुसार छोटी शल्य प्रक्रिया (टेनोटॉमी) की जाती है तथा बाद में विशेष जूते एवं बार (ब्रेसेस) पहनाए जाते हैं, जिससे विकृति की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एच.पी.सिंह ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी नवजात शिशु के पैर जन्म से टेढ़े या मुड़े हुए दिखाई दें, तो उपचार में देरी न करें और तत्काल जिला चिकित्सालय क्लब फुट क्लिनिक से संपर्क कर समय पर एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करें, ताकि बच्चा स्वस्थ और सामान्य जीवन सके।
*(फोटो संलग्न)*
जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हरदा नगर पालिका के 138 प्रगणक और 23 पर्यवेक्षक हुए सम्मानित
हरदा – नगरीय क्षेत्र हरदा में बुधवार को जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। चार्ज जनगणना अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कमलेश पाटीदार, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी श्री तरुण पाटिल एवं कार्यालय अधीक्षक श्री आलोक शुक्ला द्वारा प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर जनगणना कार्य में संलग्न नगरीय क्षेत्र हरदा के सभी 138 प्रगणक और 23 पर्यवेक्षक को उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

