पावनसिटी हरदा
मो. 9425045481
हरदा- कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास हरदा श्री विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं को प्रोत्साहित करने एवं खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरूवार को महात्मा गांधी स्कूल ग्राउंड, हरदा में बालिकाओं के मध्य क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में लाडली टीम एवं सुकन्या टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों की बालिकाओं ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ सहभागिता की। शानदार प्रदर्शन करते हुए सुकन्या टीम विजेता रही।
इस खेल गतिविधि का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने हेतु प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। खेल गतिविधि के दौरान ब्लॉक समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग सुश्री सलमा खान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ शाखा प्रभारी श्री शुभम बामने सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों द्वारा बालिकाओं का उत्साहवर्धन कर उन्हें खेलों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं को संदेश दिया गया कि बेटियां शिक्षा, खेल एवं प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं। इस प्रकार की गतिविधियां बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

