कलेक्टर गुप्ता ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं
खण्डवा – कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं, और उनके निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला, अपर कलेक्टर क्षितिज शर्मा, एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
जनसुनवाई में आवेदक पवन वर्मा निवासी भोला महाराज गली बाम्बे बाजार खंडवा ने आवेदन देकर बताया कि खंडवा विकास योजना 2041 मार्ग क्रमांक 15 जवाहरगंज मार्ग, तीन पुलिया से बड़ा बम चौक तक के पंडित रामनारायण उपाध्याय वार्ड क्रमांक 43 खंडवा के चौड़ीकरण के संबंध में आपत्ति स्थल निरीक्षण संयुक्त सीमांकन एवं व्यक्तिगत सुनवाई लिए आवेदन किया, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने जांच करने के निर्देश खंडवा सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर को दिए।
जनसुनवाई में आवेदक नवलसिंह, कोमल, दिनेश, इमरत पिता रामाधार सभी निवासी ग्राम शिवरिया द्वारा आबादी पट्टे स्थल की जांच करने एवं कब्जा स्वत्वाधिकार पुनः प्राप्त करने के लिए आवेदन किया, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने एसडीएम पुनासा को जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सत्तापुर ग्राम के ग्राम वासियों द्वारा आवेदन देकर बताया कि गांव में काफी समय से कच्ची शराब बनाई एवं बेची जा रही है, जिससे कि ग्रामवासी के स्वास्थ्य व उनके परिवार पर काफी असर पड़ रहा है, आवेदक के आवेदन पर कलेक्टर गुप्ता ने आबकारी अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।

