पावनसिटी हरदा
संपादक सैयद अशफाक अली
मो-9425045481
कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार एवं श्रीमती अनुपमा चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव, एसडीएम खिरकिया सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी शैलेन्द्र बड़ोनिया, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्वेता बम्होरे एवं असवनराम चिरामन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में हरदा के वार्ड क्रमांक 14 निवासी कुबरा बी ने पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत बैंक द्वारा लोन स्वीकृत न करने के संबंध में शिकायत की, जिस पर अग्रणी बैंक प्रबन्धक को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। छात्रा हर्षिता ने जनसुनवाई में पोर्टल पर छात्रवृत्ति की राशि कम प्रदर्शित होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग कल्याण को छात्रा की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। हरदा निवासी निरज विश्नोई ने आवेदन देकर विद्युत बिल में सुधार की मांग की, जिस पर महाप्रबन्धक विद्युत वितरण कम्पनी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में हरदा की शकुर कॉलोनी निवासी उमाशंकर ने विद्युत बिल अधिक आने के संबंध में शिकायत की, जिस पर महाप्रबन्धक विद्युत वितरण कम्पनी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। ग्राम भाटपरेटिया के ग्रामीणों ने शासकीय गोहे से अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार हरदा को ग्रामीणों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
कृषि विज्ञान केंद्र ने नरवाई प्रबंधन के लिये किसानों को दी सलाह
हरदा – कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि फसल अवशेष को जलाना नहीं चाहिए, इससे मृदा में कार्बनिक पदार्थों का नुकसान होता है, लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं तथा हानिकारक गैसों का उत्सर्जन होता है। फसल अवशेष जलाने से एरोसोल के कण निकलते हैं जो हवा को प्रदूषित करते हैं। ऐसा देखा गया है कि 1 टन फसल अवशेष जलाने से 3 किलोग्राम पर्टिकुलेट मेटर, 60 किलोग्राम कार्बन मोनोऑक्साइड, 1460 किलोग्राम कार्बन डायऑक्साइड, 199 किलोग्राम राख, 2 किलोग्राम सल्फर डाइऑक्साइड उत्सर्जित होता है, जिससे नाक, गला, फेफड़े पर हानिकारक प्रभाव पड़ता है। यह पाया गया है कि 1 टन पराली जलाने से 10 से 15 किलोग्राम नाइट्रोजन, 30 से 40 किलोग्राम पोटाश, 5 से 7 किलोग्राम सल्फर 600-800 किलोग्राम ऑर्गेनिक कार्बन के साथ मृदा के मित्र जीवो का नुकसान होता है।
अवशेष प्रबंधन हेतु जीरो ट्रिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, हैप्पी सीडर, मल्चर, स्ट्रा बेलर , स्ट्रा रीपर, रीपर कम बाइंडर, हे रैक, वेस्ट डी कंपोजर आदि का उपयोग कर नरवाई प्रबंधन किया जा सकता है। यह सलाह दी गई है कि बेस्ट डीकंपोजर के उपयोग से जीवाणु एवं कवक नरवाई को अपघटन कर भूमि को पोषक तत्व प्रदान करते हैं, जिससे रासायनिक उर्वरक पर निर्भरता कम होती है। जैविक कार्बन सूक्ष्म जीवों का भोजन है, नमी की अवस्था में 20 से 25 किलोग्राम यूरिया प्रति एकड़ डाल दिया जाए तो सूक्ष्म जीवों द्वारा जल्दी फसल अवशेष से अपघटन हो जाता है, जिससे मृदा की संरचना मे सुधार होता है, वायु संचार एवं जलधारण क्षमता में विकास होता है।
हरदा जिले में 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में होगा प्रधानमंत्री का वर्चुअल कार्यक्रम
विकसित भारत 2047’ का लिया जाएगा संकल्प
हरदा – मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 7 अक्टूबर 2026 को जिला एवं ग्राम पंचायत स्तर पर ‘‘सेवा ज्योति यात्रा’’ एवं ‘‘विकसित भारत संकल्प सभा’’ का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7 बजे टिमरनी एवं हरदा विधानसभा क्षेत्रों से ग्राम पंचायत स्तर से सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा सुबह 9 बजे शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, हरदा पहुंचेगी। प्रातः 9ः45 बजे तक देश भक्ति गीतों का गायन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9ः45 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़ेंगे तथा उनका उद्बोधन होगा। इसके बाद दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में सेवा ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी तथा इसके बाद उसी मशाल से विधानसभा क्षेत्रों की सेवा ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम अनुसार ज्योति प्रज्जवलन के पश्चात जिले की विधानसभा क्षेत्रों से उपस्थित नागरिक अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र की सेवा ज्योति मशाल के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के लिये प्रस्थान करेंगे तथा विधानसभा क्षेत्र में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। विधानसभा क्षेत्र की सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व स्थानीय जनप्रतिनिधिगण द्वारा किया जाएगा।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
सेवा ज्योति यात्रा के प्रभावी संचालन के लिए अपर कलेक्टर श्रीमती अनुपमा चौहान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी, हरदा को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं। जनप्रतिनिधियों के स्वागत, आईईसी गतिविधियों तथा पोस्टर प्रदर्शन की व्यवस्था पंचायत, ग्रामीण विकास एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा की जाएगी। दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था महिला एवं बाल विकास विभाग संभालेगा। चिकित्सा विभाग द्वारा एम्बुलेंस एवं चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा भोजन, पेयजल, यातायात एवं पार्किंग, साफ-सफाई, मंच संचालन तथा लाइव टेलीकास्ट सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित
सेवा संकल्प अभियान की विभिन्न गतिविधियों की निगरानी एवं रिपोर्ट संकलन के लिए जिला पंचायत कार्यालय, हरदा में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के निर्देशन में किया जाएगा। ऑनलाइन प्रविष्टि एवं रिपोर्टिंग के लिए श्री नितिन वर्मा को नोडल अधिकारी तथा सुश्री आयुषी विश्वकर्मा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईटीआई में रोजगार मेला ‘युवा संगम 8 अक्टूबर को होगा
हरदा – जिले के युवाओं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8 अक्टूबर गुरुवार को एक दिवसीय युवा संगम रोजगार मेला एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) हरदा में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा। मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनी टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड, साणंद प्लांट अहमदाबाद (गुजरात) युवाओं को रोजगार के अवसर देगी। कंपनी द्वारा नेशनल अप्रेंटिशिप प्रमोशन योजना के तहत 2 वर्षीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
प्राचार्य आईटीआई हरदा ने बताया कि 12वीं पास या दो वर्षीय ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण 18 से 23 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष दोनों आवेदक शामिल हो सकेंगे। आवेदकों को अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति, छायाप्रति और बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए आवेदक शासकीय आईटीआई हरदा में संपर्क कर सकते हैं या मोबाइल नंबर 9926534319 पर कॉल कर सकते हैं।
हरदा-खिरकिया मार्ग पर भिरंगी फाटक के पास मरम्मत कार्य निरंतर जारी रहेगा
हरदा 6 अक्टूबर 2026/ हरदा-खिरकिया मार्ग पर भिरंगी फाटक के पास सड़क के मरम्मत कार्य वर्तमान में प्रगतिरत है। यह कार्य अब निरंतर जारी रहेगा, जिससे मार्ग की स्थिति में सुधार हो सके और आवागमन सुचारु बना रहे। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के तकनीकी प्रबंधक श्री भूपेंद्र कापसे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित ठेकेदार द्वारा आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य को निरंतर संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है तथा आवश्यकतानुसार स्थल पर मरम्मत संबंधी कार्यवाही जारी रहेगी।
पीएम आवास योजना से रामकिसन को मिला पक्का आशियाना
हरदा- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण शासन की एक ऐसी योजना है, जिसके द्वारा गरीब व्यक्तियों का अपने एक पक्के छत वाले मकान का सपना साकार हो रहा है। इस योजना से अनेक ग्राम पंचायतों का तो नक्शा ही बदल गया है। टिमरनी विकासखंड से 15 किमी दूर ग्राम पंचायत अहलवाड़ा के ग्राम चौकड़ी निवासी श्री रामकिसन पिता अंतराम की जिंदगी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से बदल गई है। रामकिसन पिछले 60 वर्षों से परिवार सहित कच्चे मकान में रह रहे थे। वर्षा के दिनों में छत पर कवेलू टीन होने के कारण घर के अंदर पानी टपकता था, जिसके कारण श्री रामकिसन एवं उनका परिवार वर्षा के दिनों में बहुत ही तकलीफ से दिन निकालते थे।
वर्ष 2019-20 में हितग्राही श्री रामकिसन को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने हेतु ग्राम पंचायत द्वारा चयन किया गया। जब इसकी जानकारी श्री रामकिसन को पता चली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। छत वाला पक्का मकान जो जिंदगी में कभी सोचा नहीं था, वह सपना पूरा होते हुए दिखाई देने लगा। आवास स्वीकृत कर किश्तों का प्रदाय किया गया, तब श्री रामकिसन ने खुशी-खुशी अपने आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ किया। रामकिसन बताते है कि निर्माण के दौरान कुछ तकलीफें आईं, लेकिन एक छत वाले पक्के मकान का सपना आखिर एक दिन पूरा हो गया और आज वर्तमान में हितग्राही श्री रामकिसन और उनका सारा परिवार खुशी-खुशी एक छत वाले पक्के मकान में निवासरत है। पक्का मकान बनने से रामकिसन के सामाजिक आर्थिक स्तर मे भी सुधार हुआ है।
हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के तहत जागरूकता कार्यशाला सम्पन्न
हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, हरदा के मार्गदर्शन में हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के तहत मंगलवार को पीएम श्री शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय टिमरनी एवं द जॉनर एजुकेशन पब्लिस स्कूल हरदा में महिला एवं बालिका सशक्तिकरण, सुरक्षा, अधिकार एवं संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला एवं बालिका सशक्तिकरण, उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यशाला में महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, समान अवसर, आत्मनिर्भरता, सुरक्षित वातावरण तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के महत्व पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में विद्यार्थियों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के संबंध में जानकारी देते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को बाल विवाह की रोकथाम में अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा ऐसी किसी भी स्थिति की जानकारी संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यशाला में पॉक्सो अधिनियम, 2012 के अंतर्गत बच्चों एवं बालिकाओं को लैंगिक अपराधों से संरक्षण, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण अथवा उत्पीड़न को छिपाने के बजाय इसकी सूचना देना आवश्यक है।
इसके साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 181 एवं बाल सहायता एवं संरक्षण हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि संकट की स्थिति, हिंसा, शोषण, बाल संरक्षण अथवा असुरक्षित परिस्थितियों में इन सहायता सेवाओं का उपयोग कर आवश्यक सहयोग एवं संरक्षण प्राप्त किया जा सकता है। कार्यशाला के दौरान महिला सशक्तिकरण के व्यापक उद्देश्य के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मविश्वासी एवं निर्णय लेने में सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को महिलाओं के सम्मान, समानता, सुरक्षा एवं गरिमा को बढ़ावा देने तथा सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय के अधिकारी कर्मचारी तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रही।

