पावनसिटी हरदा
हरदा – सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग हरदा द्वारा कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण सप्ताह के अंतर्गत 26 जून को समापन दिवस का आयोजन स्थानीय वृद्ध आश्रम भवन में किया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री अंशुल गोयल , प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से श्री राजेश जी, पुलिस विभाग से डीएसपी सुश्री अरुणा सिंह , स्वैच्छिक संस्था सार्थक सेवा आश्रय समिति से श्री भागवत सिंह राजपूत उपस्थित रहे। अतिथियों के माध्यम से नशा मुक्ति के क्षेत्र में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न स्कूल कॉलेज से उपस्थित छात्र छात्राओं के माध्यम से नशा मुक्ति पर बनाई गई चित्रकारी की प्रदर्शनी भी लगाई गई । उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री कमलेश सिंह ने बताया कि सप्ताह भर विभिन्न विभागों, स्कूल , कॉलेज , धार्मिक संगठन एवं स्वैच्छिक संस्थाओं के माध्यम से चलाई गई जन जागरूकता गतिविधियों खेल, गायन,वादन ,चित्रकला ,पोस्टर इत्यादि मैं विद्यार्थीयों एवं खिलाड़ियों को अतिथियों के माध्यम से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान से पुरस्कृत किया गया एवं प्रमाण पत्र का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में अतिथियो ने उपस्थित छात्र छात्राओं एवं जनसमूह को नशामुक्ति जन जागरूकता का संदेश दिया । अतिथियों द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम में विशेष रूप से बच्चों द्वारा तैयार पोस्टर चित्रकला की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही । कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पैरा लीगल वालंटियर श्रीमती सुरेंद्र कौर, सार्थक सेवा समिति, पहल सामाजिक संस्था, आर्ट एंड वैल्यू संस्था, शारदे म्यूजिक अकैडमी, फुटबॉल, खो- खो अकैडमी से कर्मचारी एवं मास्टर ट्रेनर व मास्टर वॉलिंटियर उपस्थित रहे ।
28 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का होगा शुभारंभ
जिले के 61611 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित
हरदा – जिले में 28 जून से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 5 वर्ष आयु वर्ग के जिले के 61611 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें शहरी क्षेत्र हरदा में 13471, हंडिया में 15192, खिरकिया में 16525, टिमरनी में 16423 बच्चो को दवा पिलाई जावेगी। अभियान को सफल बनाने हेतु जिले में 674 पोलियो बूथ बनाये गये हैं जिसमें 1348 कर्मचारियो की डयूटी लगाई गई है तथा 84 सुपरवाईजर नियुक्त किये गये है। अभियान के प्रथम दिवस में सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जबकि आगामी दो दिनों तक विभाग की टीमें घर घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि सभी विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान संबंधी सभी तैयारियां समयपूर्व सुनिश्चित कर ली जाएं और पोलियो की खुराक से एक भी बच्चा न छूटे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ियों पर बूथ स्थापित कर बच्चों को पोलियों खुराक पिलाई जाएगी। इसके अलावा ट्रांजिट टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एम.के चौरे ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 5 वर्ष तक की आयु के अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाए। उन्होंने अभियान की शत प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने, छूटे हुए बच्चों की पहचान एवं कवरेज, बूथ प्रबंधन, घर घर भ्रमण तथा माइक्रोप्लान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे क्षेत्र को पोलियो मुक्त बनाए रखने के राष्ट्रीय लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।
पिछले 24 घंटों में जिले में 2.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
हरदा – जिले में गत चौबीस घंटों में 2.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया गत चौबीस घंटे में हरदा तहसील में 0 मि.मी., टिमरनी में 0 मि.मी., खिरकिया में 0 मि.मी., सिराली में 0 मि.मी. तथा रहटगांव में 14 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस वर्ष अब तक जिले में 55.5 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है। इस वर्ष अब तक हरदा तहसील में 108.8 मि.मी., टिमरनी में 30.3 मि.मी., खिरकिया में 33.6 मि.मी., सिराली में 32.1 तथा रहटगांव में 73.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि गत वर्ष की 26 जून तक 93.5 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी थी।

