पौने दो लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने हेतु 1477 बूथ बनाए गए
खंडवा – पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को जिले में 1 लाख 71 हजार 454 बच्चो को दवाई पिलाई जायेगी। इनमें विकासखण्ड किल्लौद में 4962, छैगांवमाखन में 18120, हरसूद में 9720, खालवा में 36658, जावर में 18480, पंधाना में 34278 पुनासा में 24496 व खण्डवा शहरी क्षेत्र में 24470 बच्चे शामिल हैं। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष आयु तक के बच्चों को 28 जून को पोलियों बूथ पर ले जाकर पोलियों का दवा अवश्य पिलाएं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल तंतवार ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत 5 वर्ष आयु तक के बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने के उद्देश्य से जिले में कुल 1477 पोलियो बूथ बनाये गये है, जिसमें 2962 वेक्सीनेटर व 140 सुपरवाइजर्स की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही जिले में कुल 45 ट्रांजिट टीम भी बनाई गई हैं, जो कि ईट भट्टे, निर्माण स्थल, वनग्राम एवं पहुंच विहिन ग्रामों में जाकर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियों का दवा पिलाएंगे। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ पर पोलियों की दवाई पिलाई जायेगी और 29 व 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवाई पिलाई जायेगी।
ग्राम बलखड़ में विधिक जागरूकता शिविर संपन्न
खंडवा – अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बलखड़ में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा श्री पीयूष भावे ने उपस्थित ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों के सेवन से अनेक जानलेवा बीमारियां, मानसिक तनाव तथा सामाजिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भावे ने बताया कि जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाता है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा श्री भावे ने उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से किसी भी विधिक समस्या की स्थिति में प्राधिकरण की सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। शिविर में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, पैरा लीगल वालंटियर श्री सत्य प्रकाश मिश्रा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

