पावनसिटी  हरदा

गेहूँ उपार्जन में किसानों को कोई असुविधा न हो, तौल कांटे एवं बारदाने की उत्तम व्यवस्था रखी जाए

 

समूचे जिले में प्राथमिकता से जल संवर्धन के कार्य हों

 

तालाबों की डिसिल्टिंग कराई जाए

 

मकानों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएं

 

बारिश के पहले नदी नालों की सफाई कराई जाए

 

आंगनवाड़ियों में पोषणाहार वितरण में अनियमितता न हो – कलेक्टर

 

जनसुनवाई में देरी से पहुँचने वाले अधिकारियों की सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी, कटेगी तनख्वाह

 

हरदा – कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने निर्देश दिये हैं कि समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन व्यवस्था में किसी भी किसान को कोई भी असुविधा न हो। उपार्जन केन्द्रों पर गेहूँ विक्रय करने आ रहे किसानों की सहूलियत का ध्यान रखा जाए। उपार्जन केन्द्रों पर तौल कांटा, बारदान सहित छाया पानी के उत्तम इंतजाम रहें। एसडीएम सभी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करें। कलेक्टर ने कहा कि जिले में चने के उपार्जन के भी सुव्यवस्थित इंतजाम रहें। सोमवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होने कहा कि आगामी वर्षा के सीजन के पूर्व जिले में जल संवर्धन के कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं। तालाबों की डिसिल्टिंग कराई जाए। साथ ही अधिकतम मकानों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएं। उन्होने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिये कि बारिश से पहले नगरीय क्षेत्रों के नदी नालों की सफाई भी करवाई जाए।

बैठक में आंगनवाड़ियों में वितरित होने वाले पोषण आहार के वितरण में अनियमितता की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने निर्देश दिये कि तत्काल सभी आंगनवाड़ियों में पोषण आहार वितरण व्यवस्था का परीक्षण किया जाए। पोषण आहार की गुणवत्ता, मात्रा एवं नियमितता से कोई समझौता न हो। आंगनवाड़ियों में टीकाकरण व्यवस्था भी नियमित हो। कलेक्टर ने हरदा नगर के पार्कों की व्यवस्था सुधारने के भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिये। उन्होने कहा कि पार्कों की व्यवस्था आम नागरिकों के लिये सुविधाजनक हो। यहां आने वाले बच्चों के लिये झूले इत्यादि की उत्तम व्यवस्था हो। बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत जो नल जल योजनाएं पूर्ण हो गई है, उनको ग्राम पंचायतों को हेण्डओवर करने एवं रिस्टोरेशन का कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश दिये गये। जिला मुख्यालय पर प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई में पहुँचने वाले अधिकारियों की लेटलतिफी पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होने कहा कि अब विलम्ब से पहुँचने वाले अधिकारियों की सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जो अधिकारी समय पर नही पहुँचेंगे उनकी तनख्वाह काटी जाएगी। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, विभागीय योजनाओं एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर  पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर  सतीश राय व सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा  अशोक डेहरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

जनगणना 2027 के तहत 30 अप्रैल तक की जा सकती है स्वगणना

जिले के नागरिकों से स्व गणना कार्य में सक्रिय सहभागिता की अपील

हरदा – मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 के तहत स्व गणना का कार्य 30 अप्रैल 2026 तक की अवधि में संपादित किया जाएगा। नागरिकों को स्व गणना की सुविधा के लिए एक समर्पित वेब पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से पहली बार यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रगणकों द्वारा एक मई से 30 मई 2026 की अवधि में सम्पादित किया जाएगा, जिसके जिले में सफल संचालन के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्व गणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें, इससे जिले की जनगणना का कार्य तेजी से पूर्ण हो सकेगा। स्वगणना की प्रक्रिया बहुत सरल है। इसे आसानी से पूर्ण किया जा सकता है।

स्व गणना प्रक्रिया – जनगणना 2027 में डिजिटल-प्रथम दृष्टिकोण अपनाया गया है। इसके तहत भौतिक मकान सूचीकरण अभियान (एचएलओ) शुरू होने से पहले 15 दिनों की वैकल्पिक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा दी गई है। नागरिक 30 अप्रैल तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे उन्हें एक विशिष्ट आईडी प्राप्त होगी, जो आगे की प्रक्रिया में सहायक होगी।

नागरिक स्व गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने राज्य का चयन करें और कैप्चा कोड दर्ज कर लॉगिन करें। परिवार के मुखिया का नाम, 10 अंकों का मोबाइल नंबर और ई मेल आई डी (वैकल्पिक) दर्ज करें। इस समय यह ध्यान रखें कि परिवार के मुखिया का नाम बाद में बदला नहीं जा सकेगा। प्रत्येक परिवार के लिए केवल एक मोबाइल नंबर का उपयोग किया जा सकता है। इस प्रक्रिया के बाद अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें तथा पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करें। अपने जिले का चयन करें और पिनकोड के साथ अपने गांव, नगर, स्थानीय क्षेत्र की जानकारी भरें। इसके बाद मानचित्र (मैप) पर लाल मार्कर को खींचकर (ड्रैग कर) अपने आवासीय भवन के सटीक स्थान पर स्थापित करें एवं स्थान की पुष्टि करें। इससे प्रगणक को स्व गणना सत्यापन के लिए आपकी लोकेशन में पहुंचने में आसानी होगी।

उपरोक्त प्रक्रिया के बाद मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रश्नावली पूर्ण करें। प्रश्नों को समझने में सहायता के लिए टूलटिप्स, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न तथा आवश्यक सूचना उपलब्ध है। इसके बाद पूर्व अवलोकन स्क्रीन का उपयोग कर दर्ज की गई सभी जानकारी की जांच करें। संशोधन के लिए वापस जाएं (बैक करें), बाद में प्रस्तुत करने के लिए ड्राफ्ट में सेव करें, या पुष्टि करें और सबमिट करें। सबमिट कर, अंतिम पुष्टीकरण के बाद डाटा में किसी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा। स्व गणना प्रपत्र सफलता पूर्वक प्रस्तुत होने पर एक विशिष्ट स्व गणना पहचान संख्या (एस. ई. आई. डी.) उत्पन्न होगी, जो ‘एच’ अक्षर से प्रारंभ होती है। यह ई मेल तथा एस एम एस के माध्यम से भेजी जाएगी। जब जनगणना प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें अपनी यह आईडी प्रदान करें।

 

वर्ष 2025 की राज्य स्तरीय खेलवृत्ति के लिए 31 मई तक आवेदन आमंत्रित

हरदा – खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय खेलवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किये हैं। खेलवृत्ति के लिये 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के मध्य अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक विजेता प्रतिभावान खिलाड़ियों को 31 मई तक अपने आवेदन जमा करना होंगे।

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सुश्री उमा पटेल ने बताया कि अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को 10 हजार, रजत पदक विजेता को 8 हजार तथा काँस्य पदक विजेता को 6 हजार रूपये की खेलवृत्ति का प्रावधान है। खेलवृत्ति के लिये आवेदन जिले के जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी से प्राप्त कर आवेदन के साथ अधिकृत राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप में पदक अर्जित प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, जन्म प्रमाण-पत्र अथवा कक्षा 10 वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साईज फोटो संलग्न कर 31 मई 2026 से पूर्व जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग हरदा में जमा करें। खेलवृत्ति के लिये निर्धारित दिशा-निर्देश एवं नियमावली विभागीय वेबसाइट www.dsywmp.gov.in पर उपलब्ध हैं।

 

पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में राल्सन टायर्स का कैंपस ड्राइव 30 अप्रैल को

डिप्लोमा और आईटीआई पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

हरदा – युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में राल्सन टायर्स लिमिटेड कम्पनी की कैम्पस ड्राइव 30 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से आयोजित की गई है। प्राचार्य शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा ने बताया कि यह कैम्पस ड्राइव ‘डिप्लोमा अप्रेंटिस ट्रेनी’ और स्टूडेंट ट्रेनी के पदों के लिए है। कैम्पस ड्राइव में डिप्लोमा अप्रेंटिस ट्रेनी के पद के लिये शैक्षणिक योग्यता मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, टूल एंड डाई, ऑटोमोबाइल आदि शाखा में 2023, 2024 व 2025 के पास आउट और 2026 के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी सम्मिलित हो सकते है। इसी प्रकार स्टूडेंट ट्रेनी पद के लिये मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, टूल एंड डाई, ऑटोमोबाइल, फिटर, वेल्डर, डीजल शाखा में वर्ष 2024, 2025 और 2026 पास आउट विद्यार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। कैम्पस ड्राइव में सम्मिलित होने के इच्छुक विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेज अपडेटेड बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो,

सभी शैक्षणिक मार्कशीट, सर्टिफिकेट ओरिजिनल व फोटोकॉपी तथा आधार कार्ड सहित उपस्थित हो सकते है।

 

पंचायत एवं नगरीय निकायों की मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी

18 जून को होगा फोटो युक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

हरदा – राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत की फोटोयुक्त मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। एक जनवरी 2026 की संदर्भ तारीख के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण होगा। फोटो युक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जून को किया जाएगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटो युक्त प्रारूप मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 15 मई 2026 को किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची पर दावे-आपत्तियां 15 मई से 25 मई दोपहर 3 बजे तक ली जाएंगी। प्राप्त दावे- आपत्तियों का निराकरण 30 मई तक किया जाएगा। फोटो युक्त अंतिम मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 18 जून 2026 को किया जाएगा।फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण हेतु अपील प्राधिकारी, रजिस्ट्रीकरण व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त

हरदा- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  सिद्धार्थ जैन ने मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी फोटो युक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य हेतु नगरीय निकायों व ग्राम पंचायतों हेतु अपील प्राधिकारी, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किये है। जारी आदेश अनुसार जिले की पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण हेतु अपर कलेक्टर को सम्पूर्ण जिला हरदा के लिये अपील प्राधिकारी (पंचायत) नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व संबंधित क्षेत्र का रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा विकासखण्ड हरदा में तहसीलदार हरदा व हंडिया, विकासखण्ड खिरकिया में तहसीलदार खिरकिया व सिराली को तथा विकासखण्ड टिमरनी में तहसीलदार टिमरनी व रहटगांव को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) नियुक्त किया गया है।

जारी आदेश अनुसार नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य के लिये नगर पालिका परिषद हरदा हेतु अपर कलेक्टर, नगर परिषद खिरकिया व सिराली के लिये अनुविभागीय अधिकारी खिरकिया तथा नगर परिषद टिमरनी के लिये अनुविभागीय अधिकारी टिमरनी को अपील प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर पालिका परिषद हरदा के लिये अनुविभागीय अधिकारी हरदा, नगर परिषद खिरकिया के लिये तहसीलदार खिरकिया, नगर परिषद टिमरनी के लिये तहसीलदार टिमरनी तथा नगर परिषद सिराली के लिये तहसीलदार सिराली को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार नगर परिषद हरदा के लिये तहसीलदार हरदा, नगर परिषद खिरकिया के लिये नायब तहसीलदार खिरकिया, नगर परिषद टिमरनी के नायब तहसीलदार टिमरनी तथा नगर परिषद सिराली के लिये नायब तहसीलदार सिराली को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply