पावसिटी खंडवा
मो. 9425045481
खंडवा – जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खंडवा अनिल चौधरी ने बुधवार को जिला जेल खंडवा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल के विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से उनके प्रकरणों में नियमित पेशी, अधिवक्ता की उपलब्धता एवं विधिक सहायता के संबंध में चर्चा की। साथ ही जेल में बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान न्यायाधीश श्री चौधरी ने जेल परिसर में संचालित पाकशाला का भी निरीक्षण किया ।
बंदियों से संवाद करते हुऐ चौधरी ने उन्हें नियमित रूप से योग एवं व्यायाम करने तथा अपने जीवन में सकारात्मक विचारों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जेल में बिताए जा रहे समय को आत्मचिंतन, शिक्षा, योग एवं सकारात्मक बदलाव के अवसर के रूप में उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने बंदियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “हमें इस समय का सदुपयोग कर अपने जीवन को सही दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए। इस दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलावर सिंह एवं जेलर मनोज चौरसिया सहित जेल प्रशासन के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।






