पावनसिटी समाचार
मध्य प्रदेश देवास जिले कन्नौज देवास के सिया घाट की 400 फीट गहरी खाई में ट्रक फेंककर लगाई आग, 20 लाख की सोयाबीन चोरी छिपाने की साजिश का खुलासा पुलिस ने हादसे का रूप देने की कोशिश नाकाम की, ट्रक ड्राइवर गिरफ्तारचोरी की सोयाबीन बरामद
देवास-आष्टा-कन्नौद मार्ग पर स्थित सिया घाट की करीब 400 फीट गहरी खाई में ट्रक फेंककर आग लगाने और करीब 20 लाख रुपये कीमत की सोयाबीन चोरी को छिपाने के लिए फर्जी सड़क हादसे का षड्यंत्र रचने का मामला सामने आया है। कन्नौद थाना पुलिस ने जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी कर छिपाई गई सोयाबीन भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार 23 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि सिया घाट पर एक ट्रक खाई में गिर गया है और उसमें आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाई। घटनास्थल पर जांच के दौरान सामने आया कि हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई थी। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि ट्रक का बैलेंस बिगड़ने से वह खाई में गिर गया और आग लगने से ट्रक के साथ उसमें भरी सोयाबीन भी जल गई। ट्रक मालिक शादाब द्वारा घटना को सड़क दुर्घटना बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद ट्रांसपोर्टर की रिपोर्ट पर आगजनी का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
कैमरों और तकनीकी जांच से खुला राज -पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोम्या और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आदित्य तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए।
जांच के दौरान ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगाए गए कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और पारंपरिक पुलिस जांच से पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में पता चला कि 21 अगस्त 2026 को साउथ पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट, गल्ला मंडी के ट्रांसपोर्टर गोविन्द गोस्वामी निवासी खिलजीपुर, जिला राजगढ़ (ब्यावरा) ने व्यापारी गोविन्द अग्रवाल निवासी आगर मालवा की 285 क्विंटल सोयाबीन ट्रक क्रमांक MP 04 HE 4288 में लोड कराकर हिंगनघाट, महाराष्ट्र के लिए रवाना की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रक चालक और उसके साथियों ने रास्ते में ट्रक में लोड करीब 19 लाख रुपये कीमत की सोयाबीन को इधर-उधर कर चोरी कर लिया। इसके बाद चोरी की घटना को छिपाने के लिए ट्रक को सिया घाट की गहरी खाई में फेंककर उसमें आग लगा दी गई, ताकि पूरा मामला सड़क दुर्घटना जैसा दिखाई दे।
चोरी, अमानत में खयानत और साक्ष्य छिपाने का मामला
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत, चोरी, आगजनी और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक रहीश पिता इसूब खां, निवासी धनना, जिला शाजापुर को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के कब्जे से ट्रक में आग लगाए जाने से पहले चोरी कर छिपाई गई सोयाबीन बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों तथा चोरी किए गए शेष माल की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और चोरी किए गए माल की बरामदगी के संबंध में जांच जारी है।शइनकी रही सराहनीय भूमिका
मामले के खुलासे में उप निरीक्षक राहुल रावत, प्रधान आरक्षक दीपक अग्निहोत्री, आरक्षक योगेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह तथा साइबर सेल आरक्षक सोनू का सराहनीय योगदान रहा।

