खंडवा – ‘‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान‘‘ के तहत खण्डवा नगर निगम में शुक्रवार को आयोजित शिविर में प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री कुवंर विजय शाह, खण्डवा महापौर श्रीमती अमृता यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, आयुक्त नगर निगम श्रीमती प्रियंका रजावत एवं वार्ड पार्षदो सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद थे। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान मंत्री विजय शाह ने विभिन्न विभागो द्वारा लगाये गए स्टॉलो का निरीक्षण किया एवं स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर अपनी ब्लड शुगर की जॉच भी करवाई।
मंत्री शाह ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने समाज के सबसे गरीब एवं पिछड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर अनेको योजनाएं संचालित की हैं। सरकार की योजनाओं से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है । उन्होंने कहा कि आवश्यकता इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आने की है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का तो निराकरण किया ही जा रहा है, साथ ही उनका निशुल्क उपचार किया जा रहा है और विकलांगता प्रमाण पत्र आयुष्मान कार्ड पंजीयन और आधार पंजीयन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
मंत्री शाह ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वरोजगार संबंधी प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। मंत्री शाह ने इस अवसर पर पी एम स्वनिधि योजना की हितग्राही संगीता के बारे में बताते हुए कहा कि संगीता ने 10 हजार रुपए का लोन लिया। संगीत आने इस राशि से छोटा-मोटा व्यवसाय शुरू किया और साल भर के अंदर ही वो कर्जा चुका दिया। मंत्री डॉ. शाह ने संगीता के तीन बच्चो के लिए 11-11 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की।
मंत्री शाह ने मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के पश्चात बाल विवाह रोकने के लिए सभी उपस्थित जनप्रतिनिधी अधिकारीगण एवं नागरिको को शपथ दिलाई और कहा कि बाल विवाह सामाजिक बुराई है, इसे रोकने के लिए सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्ड कोई बाल विवाह ना हो, इसका ध्यान रखना होगा।
महापौर श्रीमती यादव ने इस अवसर पर कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीबों के जीवन में खुशहाली लाना है। सरकार ने आवासहीनों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित की है। जिससे देश के करोड़ों गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों नागरिकों को सरकार मुफ्त अनाज उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से महिलाओं के जीवन में भी खुशहाली आई है। लाडली बहना योजना और लाडली लक्ष्मी योजना से महिलाओं का समाज में सम्मान बढ़ा है। उन्होने कहा कि जो 2047 तक विकसित भारत का सपना हमने देखा है, उसे साकार करने के लिए जब हम युवा, किसान, गरीब और महिलाओं के उत्थान के लिए काम करेंगे, तभी वह सपना पूरा होगा।
उल्लेखनीय है कि आज आयोजित शिविर में नागरिकों के सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी से संबंधित आवेदनों का निराकरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। जिन पात्र व्यक्तियों को हित लाभ वितरित किए गए उनमें पिंकी तंवर को 25 हजार रुपए, सचिन सैनी को 50 हजार रुपए, सुनीता कोलेकर को 15 हजार रुपए की राशि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्वीकृत की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शेख आरिफ एवं प्रकाश वंशाले को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया एवं प्रधानमंत्री आवास के तहत गृह प्रवेश के लिए अशोक संतोष को चाबी प्रदान की गई। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री निक्षय पोषण योजना में दो टीबी मरीजों को पोषण आहार की किट प्रदान की गई।







