पावनसिटी हरदा
सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस हरदा द्वारा हेलमेट वितरण एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री शशांक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
अभियान के दौरान बायपास हनुमान मंदिर चौराहा पर दोपहिया वाहन चालकों को रोककर उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। जिन चालकों के पास हेलमेट नहीं था, उन्हें मौके पर ही हेलमेट वितरित किए गए तथा सभी को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की समझाइश दी गई। साथ ही वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने एवं नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की मृत्यु सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती है। ऐसी दुर्घटनाओं में हेलमेट पहनना जीवन रक्षक साबित होता है, इसलिए प्रत्येक चालक के लिए हेलमेट का उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है।
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। आम नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया।

