पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित “सेफ क्लिक्स” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत वनांचल क्षेत्र के ग्राम राजाबरारी में आदिवासी समुदाय, महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों से अवगत कराते हुए वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार साइबर अपराधी ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर आदिवासी एवं ग्रामीण नागरिकों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक धोखाधड़ी करते हैं, APK फ़ाइल भेजकर मोबाइल फोन हैक कर लेते हैं, तथा बालिकाओं के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल एवं आईडी बनाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने अथवा ब्लैकमेल करने का प्रयास करते हैं।
महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग करने, अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, निजी फोटो एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने, मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या एप्लिकेशन को डाउनलोड न करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। साथ ही मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने की स्थिति में CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराने, उसकी ट्रैकिंग कराने तथा पुनः प्राप्त करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समाधान किया गया। सभी नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक अथवा APK फ़ाइल पर विश्वास न करें, OTP, बैंक खाता, ATM कार्ड अथवा UPI संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा NCRP पर शिकायत दर्ज कराएं।

