पावनसिटी नीमच

सभी स्‍कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता के लिए जल चौपाल आयोजित की जाए-  चंद्रा
कलेक्‍टर ने की जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यो की समीक्षा
जिले के सभी स्‍कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में जल संरक्षण, संवर्धन के प्रति व्‍यापक जनजागरूकता के लिए ” जल चौपाल” आयोजित की जाए। जल चौपाल में स्‍थानीय पंच, सरपंच, उपयंत्री, सचिव व अन्‍य विभागों का मैदानी अमला उपस्थित होकर जल सरंक्षण एवं संवर्धन कार्यो के लिए ग्रामीणों को प्रेरित कर जनसहयोग से कार्य प्रारंभ करवाए। यह निर्देश कलेक्‍टर  हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में #जल_गंगा_संवर्धन_अभियान के तहत कार्यो की विभागवार समीक्षा करते हुए दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ  अमन वैष्‍णव, परियोजना अधिकारी शहरी विकास  पराग जैन, सभी जनपद सीईओ, लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी, लोक निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन सहित विभिन्‍न विभागों के जिला अधिकारी उपयंत्री, सहायक यंत्री उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्‍टर ने सभी जनपद सीईओ और निर्माण विभागों को निर्देश दिए, कि वे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चिन्हित 400 जल स्‍त्रोतों को जनसहयोग से गहरीकरण कर मिट्टी निकालने का कार्य तत्‍काल प्रारंभ करवाए। उन्‍होने पिछले जल गंगा संवर्धन अभियान के स्‍वीकृत सभी कार्य 15 जून के पहले पूर्व करवाने के निर्देश भी सभी जनपद सीईओ, उपयंत्रियों को दिए है। जनपद सीईओ जावद को 275 कार्य, मनासा को 220 एवं नीमच को 200 जल संरक्षण कार्य 15 जून के पूर्व अनिवार्य रूप से पूरा करवाकर पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्‍टर ने गत वर्ष के स्‍वीकृत प्रगतिरत 6 अमृत सरोवरों का कार्य भी 30 अप्रेल तक पूरा करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में बताया, कि एम.आर.डी.सी.द्वारा 8 लोक सरोवरों का निर्माण कार्य एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा 12 लोक सरोवरों का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। कलेक्‍टर ने लोक सरोवरों का निर्माण कार्य गुणवत्‍तापूर्ण करवाने और इनमें पानी की आवक हो, ऐसे स्‍थल का चयन करने तथा यदि किसी लोक सरोवर में पानी की आवक में अवरोध हो रहा है, तो उसे हटवाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिले के ऐसे स्‍कूल जहां पर बाउण्‍ड्रीवाल है और सुरक्षा की व्‍यवस्‍था है, उन सभी शाला परिसरों में पौधारोपण की तैयारी अभी से कर पौधारोपण करवाने के निर्देश डी.ई.ओ.,डी.पी.सी. को दिए है। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र परिसरों में भी पौधारोपण करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है। औद्योगिक क्षेत्रों, ईकाईयों और नवीन सड़क निर्माण कार्यो में सड़कों के दोनो ओर पौधारोपण करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं

Leave a Reply