हितग्राहियों को मिले हितलाभ, आमजन की समस्याओं का हुआ निराकरण

हरदा – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को हरदा विकासखण्ड के ग्राम सोनतलाई में क्लस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किये गये। साथ ही आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष  दर्शन सिंह गेहलोत, मुख्य वन संरक्षक  अशोक कुमार, कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक  शशांक, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, वनमण्डलाधिकारी सामान्य श्रीमती ज्योति मुड़िया, वनमण्डलाधिकारी उत्पादन  नरेन्द्र पण्डवा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष  शाह ने कहा कि आमजन की स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निराकरण के लिये सरकार ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान प्रारम्भ किया है। सभी से अपेक्षा है कि वे अपनी समस्याएं प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष रखें एवं निराकरण करवाएं। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री गेहलोत ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी संवेदनशीलता के साथ अभियान में आमजनों की समस्या का समाधान कर रहे हैं। ग्रामीणजन इस अभियान का लाभ लें।

इस अवसर पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि शिविर स्थल पर मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाये जा रहे हैं। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, समग्र व आधार में सुधार, आयुष्मान कार्ड तैयार करने जैसे कार्य भी किये जा रहे है, जिससे ग्रामीण अपने कार्य स्थानीय स्तर पर करा सकते हैं। उन्होने किसानों से अपील की कि वे सहकारी समिति में अपनी सदस्यता अवश्य लें ताकि उर्वरक सुगमता से मिल सके। कलेक्टर ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों से 225 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका समय सीमा में निराकरण कराया जा रहा है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  शशांक ने आमजन से दुपहिया वाहन पर हेल्मेट लगाने एवं कार में सीट बेल्ट अवश्य उपयोग करने की अपील की ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। उन्होने सायबर फ्राड से बचने के लिये भी आमजन को जागरूक किया। शिविर में सफल उद्यमी श्री ऋषभ शर्मा ने अपने अनुभव साझा किये। इस दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 4 हितग्राहियों, मुख्यमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत 5, सामाजिक सहायता योजना अंतर्गत 7, संबल योजना अंतर्गत 2 एवं एनआरएलएम योजना अंतर्गत एक स्वसहायता समूह को हितलाभ भी प्रदान किये गये। इसके अलावा 64 विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान की गई, 4 हितग्राहियों को जाति प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये एवं 1 हितग्राही को अभिलेख दुरूस्ती के प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये। शिविर में जनपद उपाध्यक्ष श्री गौरीशंकर शर्मा व ग्राम सरपंच श्रीमती रजनी गोविन्द गोरिया भी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने ग्रामीण संस्थाओं का किया निरीक्षण

कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सोनतलाई में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर वहां उपचार एवं टीकाकरण की व्यवस्थाएं देखीं। सहकारी समिति में खाद्यान्न एवं उर्वरक की वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा राशन पाने वालों की सूची से अपात्रों के नाम काटने के निर्देश दिये। उन्होने यहां उर्वरक भण्डारण का भी निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान कुपोषित बच्ची संध्या सरिता मिश्रीलाल को पोषण किट प्रदान किया। इस दौरान उन्होने हायर सेकण्ड्री स्कूल का निरीक्षण कर वहां शिक्षण व्यवस्थाएं देखीं एवं बच्चों के होमवर्क का भी निरीक्षण किया। स्कूल परिसर में मध्यान्ह भोजन पकाने की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए किचन शेड में उचित प्रकाश एवं एक्जास्ट फेन लगाने के निर्देश दिये

राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा करेंगे ध्वजारोहण, 15 अगस्त को हरदा में होगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह

हरदा – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन 15 अगस्त 2026, शनिवार को वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई प्रांगण (मिडिल स्कूल ग्राउंड), हरदा में किया जाएगा। समारोह में मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग के मंत्री श्री करण सिंह वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे।

समारोह का मिनिट-टू-मिनिट कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। मुख्य अतिथि का आगमन प्रातः 8.54 बजे होगा। इसके बाद 8.55 बजे राष्ट्रगीत, 9 बजे ध्वजारोहण और 9.01 बजे राष्ट्रगान होगा। इसके बाद 9.06 बजे परेड निरीक्षण तथा 9.07 बजे मार्च पास्ट एवं सलामी दी जाएगी। प्रातः 9.25 बजे मुख्यमंत्री जी के संदेश का सीधा प्रसारण किया जाएगा तथा 9.55 बजे मुख्य अतिथि द्वारा बधाई संदेश का वाचन किया जाएगा। इसके पश्चात 10 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। समारोह के अंतिम चरण में प्रातः 10.30 बजे पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

भारत’ लिखकर बनाई मानव श्रृंखला, दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश

हरदा – हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग हरदा द्वारा शासकीय कन्या शाला हरदा में मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान के नेतृत्व में शाला की बालिकाओं ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला के माध्यम से ‘भारत’ की आकृति बनाई और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बालिकाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इसके साथ ही ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से वातावरण देश भक्तिमय हो गया। बालिकाओं एवं शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे के हाथ थामकर एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक सुश्री खान ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों को तिरंगा फहराने एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई।

शाला की प्राचार्य श्रीमती मंजूलता खरे ने बालिकाओं को राष्ट्रीय ध्वज में शामिल प्रत्येक रंग के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने तिरंगे में स्थित अशोक चक्र के महत्व को बताते हुए कहा कि चक्र की 24 तीलियां दिन के 24 घंटों के साथ जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का प्रतीक हैं। ये तीलियां संयम, साहस, प्रेम, परोपकार और सच्चाई जैसे मानवीय गुणों एवं कर्तव्यों की प्रेरणा भी देती हैं। कार्यक्रम में व्यायाम शिक्षक श्री प्रशांत आर्य, श्री राहुल कुशवाहा, श्रीमती रीता गिरी व समस्त शाला परिवार एवं बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं।

हर घर तिरंगा व स्वच्छता पखवाड़ा के तहत पदयात्रा का हुआ आयोजन

विद्यार्थियों ने हर घर तिरंगा व स्वच्छता का दिया संदेश

हरदा – युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ केंद्र, हरदा द्वारा स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ अभियान के तहत टिमरनी में एक विशाल एवं गरिमामयी पदयात्रा का सफल आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में राधास्वामी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टिमरनी के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ भाग लिया।

यह भव्य पदयात्रा राधास्वामी स्कूल से प्रारंभ होकर टिमरनी के मुख्य मार्गों से होती हुई सूर्या टावर पहुंची तथा पुनः विद्यालय प्रांगण में आकर संपन्न हुई। हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ और देशभक्ति व स्वच्छता के संदेश लिखी तख्तियां लिए जब विद्यार्थियों का दल सड़कों पर निकला, तो पूरा वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

प्राचार्य कौशिक ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित, दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री कौशिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने एवं इसकी विभिन्न राष्ट्रीय गतिविधियों से जुड़ने हेतु विशेष रूप से प्रेरित किया। इसके पश्चात सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं युवाओं को ‘हर घर तिरंगा’ की आधिकारिक शपथ दिलाई गई तथा ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत प्रतीकात्मक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रद्धा मित्तल ने किया। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं में नागरिक उत्तरदायित्व और देशभक्ति की भावना जगाने की एक अनुठी पहल है। इस संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में माय भारत के समर्पित स्वयंसेवकों राकेश, मयंक और कनक का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने यातायात, मार्गदर्शन व व्यवस्था प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाई।

*(फोटो संलग्न)*

 

*हमारी पृथ्वी का श्रृंगार है हरियाली – श्री गौहर*

‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’, ‘एक पेड़ मां के नाम’, कलश यात्रा और ‘तिरंगा रैली’ का हुआ आयोजन

हरदा 14 अगस्त 2026/ मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा टिमरनी सेक्टर के ग्राम पिपलिया कला में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री संदीप गोहर ने उपस्थित ग्राम वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधे हमारे धरती माता का श्रृंगार है, पौधे हमें आक्सीजन प्रदान करते हैं। जल संरक्षण का कार्य करते हैं और हमें वर्ष प्रदान करते हैं। साथ ही पौधे हमें फल भी प्रदान करते हैं। प्रकृति में पौधों का विशेष महत्व है। हमें हर घर में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पिपलिया कला के अध्यक्ष श्री प्रकाश चौहान ने कार्यक्रम में कहा कि पौधे हमारे जीवन का आधार है, पौधे हमारे पूर्वजों द्वारा संरक्षित कर हमें प्रदान किए हैं। इसी प्रकार हमें भी हमारी अगली पीढ़ी को पौधों के माध्यम से हरियाली प्रदान करना चाहिए। सरपंच श्री भगवत सिंह जी ने ग्राम वासियों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ।

कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक श्री अनुपम भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नवांकुर संस्था हर्षद समिति से श्री दीपांशु राठौर, जन अभियान परिषद के मैंटर श्री विष्णु कटारे, श्री प्रवीण चौरसिया, श्री नीरज कटारे एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पौधे वितरित किए गए तथा कलश यात्रा व तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

*(फोटो संलग्न)*

 

*पिछले 24 घंटों में जिले में 0.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज*

हरदा 14 अगस्त 2026/ जिले में गत चौबीस घंटों में 0.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया गत चौबीस घंटे में हरदा तहसील में 0 मि.मी., टिमरनी में 2.5 मि.मी., खिरकिया में 1.8 मि.मी., सिराली में 0.5 मि.मी. तथा रहटगांव में 0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस वर्ष अब तक जिले में 603.1 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है। इस वर्ष अब तक हरदा तहसील में 633 मि.मी., टिमरनी में 630.8 मि.मी., खिरकिया में 685.4 मि.मी., सिराली में 540.5 तथा रहटगांव में 526.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि गत वर्ष की 14 अगस्त तक 663.6 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी थी।

 

*श्री गुरू रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा*

*भोपाल से जिलों के लिए रवाना किए जाएंगे पवित्र कलश*

*18 अगस्त को रवीन्द्र भवन में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम*

हरदा 14 अगस्त 2026/ संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में उनके जीवन-दर्शन तथा समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से राज्य व्यापी समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा का आयोजन 18 अगस्त से क्रमबद्ध किया जायेगा। अभियान के अंतर्गत प्रदेश, जिला एवं ग्राम स्तर पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के प्रभावी एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने नगरीय विकास एवं आवास, पंचायत ग्रामीण विकास, संस्कृति, पर्यटन, अनुसूचित जाति कल्याण, योजना एवं सांख्यिकी तथा जनजातीय कार्य विभाग सहित कलेक्टर्स और कमिश्नर को निर्देश जारी किए है।

*18 अगस्त को जिलों को सौंपे जाएंगे पावन कलश*

रवीन्द्र भवन भोपाल में 18 अगस्त, 2026 को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए पावन कलश रवाना किए जाएंगे। संबंधित जिलों द्वारा कलश प्राप्त करने एवं उसे सम्मानपूर्वक जिला मुख्यालय तक ले जाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जिले में कलश रथ यात्रा

समस्त जिला मुख्यालयों पर 20 अगस्त, 2026 को कलश वंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। पावन कलश, रथ में स्थानीय रविदास मंदिर एवं ग्राम स्तर तक ले जाया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक जिले में 20 अगस्त से 10 सितम्बर 2026 तक निर्धारित मार्ग पर कलश रथ यात्रा आयोजित की जाएगी। यात्रा के मार्ग, पड़ाव, समय-सारणी एवं स्थानीय कार्यक्रमों की कार्ययोजना जिला स्तर पर पूर्व से तैयार करने के लिए कहा गया है।

स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

जिला-स्तरीय, ग्राम-स्तरीय एवं चिन्हित स्थानीय मंदिरों में विविध स्वरुप के आयोजन यथा सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प तथा अन्य स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में स्थानीय संतों, गुरुओं, समाज के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

समरसता यात्रा

गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा 5 अक्टूबर से 5 नवम्बर , 2026 के मध्य आयोजित होगी। इसमें डेरा सचखण्ड, बल्लन (जालंधर) से प्रारंभ होने वाली यात्रा मध्यप्रदेश राज्य के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगी। यात्रा के प्रमुख पड़ावों पर यात्रा का भव्य स्वागत, समरसता संकल्प, समरसता गोष्ठी तथा समता, सेवा, सामाजिक न्याय एवं बेगमपुरा के आदर्श समाज संबंधी संदेश पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संत संपर्क कार्यक्रम

प्रदेश स्तर पर 18 से 31 अगस्त, 2026 तक संत संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत संतों एवं गुरुओं को अभियान के उद्देश्य एवं गतिविधियों से अवगत कराते हुए विभिन्न सामाजिक समरसता कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

कार्यक्रम का नोडल एवं समन्वयकर्ता विभाग अनुसूचित जाति कल्याण विभाग एवं जनजातीय जिलों में जनजातीय कार्य विभाग होगा। जिला मुख्यालय/नगरीय क्षेत्रों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा योजना , आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा जन अभियान परिषद द्वारा अभियान के संबंध में जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी बढ़ाने के लिए आवश्यक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम अतंर्गत संस्कृति विभाग द्वारा अभियान से संबंधित सांस्कृतिक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के आयोजन, समन्वय एवं संयोजन की कार्यवाही की जाएगी।

जिला स्तर पर समन्वय

अभियान के लिए कलेक्टर जिला स्तरीय समन्वयक होंगे। कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों , स्थानीय निकायों एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों के सुचारु आयोजन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कार्यक्रमों के आयोजन में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय संतों/गुरुओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, समाजसेवी संस्थाओं तथा नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को प्रेषित की जाएगी।

सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश दिए है कि यात्रा एवं कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों/स्थानीय निकायों से समन्वय कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से यात्रा मार्ग एवं प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित करने के निर्देश है।

समस्त संबंधित विभाग अभियान की गतिविधियों के लिए राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को सूचित करेंगे। प्रत्येक चरण में आवश्यकतानुसार अभियान के सुचारू एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रमुख सचिव, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग अभियान की समीक्षा करेंगे एवं आवश्यकतानुसार निर्देश जारी करेंगे।

Leave a Reply