पावनसिटी खंडवा
खंडवा – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देश के विद्यार्थियों के साथ “परीक्षा पे चर्चा” की। इस कार्यक्रम का आकाशवाणी एवं अन्य न्यूज़ चैनल्स के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसअवसर पर विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। खंडवा जिले के सभी विद्यालयों में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया।
खंडवा के मोतीलाल नेहरू स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा देखा गया। इस अवसर पर विधायक खंडवा श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे ने विद्यार्थियों से कहा कि असफलता से घबराने की आवश्यकता नहीं है। हमें पुनः प्रयास करना चाहिए। अपना लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करके लक्ष्य हासिल करें। इस अवसर पर उपस्थित नगर पालिका निगम खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है, हमें नियमित रूप से अध्ययन करना चाहिए । उन्होंने कहा कि हमें समय प्रबंधन करते हुए पढ़ाई करना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित जिला पंचायत खंडवा की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े ने भी विद्यार्थियों को आने वाली परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के आरंभ में जिला शिक्षा अधिकारी पीएस सोलंकी ने स्वागत उद्बोधन के साथ विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के संबंध में उपयोगी सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन संदीप जोशी ने किया और आभार श्रीमती संगीता सोनवने द्वारा व्यक्त किया गया । इस अवसर पर संस्था प्राचार्य रुबिया अली, विकासखंड शिक्षा अधिकारी खंडवा श्रीमती कविता वर्मा, पी डी डोंगरे सहित स्कूल के विद्यार्थी, शिक्षक एवं पालकगण भी उपस्थित थे।

