पावनसिटी मैहर
मैहर -भारत सरकार एवं प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनगणना 2027 की प्रारंभिक तैयारियां मैहर जिले में शुरू कर दी गई हैं। जनगणना दो चरणों में सम्पन्न होगी। प्रथम चरण अप्रैल से सितंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।
जनगणना 2027 के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मैहर श्रीमती रानी बाटड द्वारा जिला जनगणना समन्वय समिति का गठन किया गया है। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति की संपन्न पहली बैठक में अनुविभागीय जनगणना अधिकारी और चार्ज जनगणना अधिकारियों को जनगणना के कार्यक्रम और विभिन्न चरणों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  अवधेश प्रताप सिंह, एसडीएम मैहर श्रीमती दिव्या पटेल, एसडीएम अमरपाटन डॉ. आरती सिंह, डिप्टी कलेक्टर सुश्री आशिमा पटेल सहित चार्ज जनगणना अधिकारी उपस्थित रहे।
जनगणना के लिए गठित समन्वय समिति में अपर कलेक्टर मैहर को जिला जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला योजना अधिकारी एवं जिला सांख्यिकी अधिकारी को अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी बनाया गया है। अनुविभागीय स्तर पर अमरपाटन, मैहर एवं रामनगर के एसडीएम को संबंधित अनुभागों के लिए अनुविभागीय जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। तहसीलदारों को चार्ज जनगणना अधिकारी तथा नायब तहसीलदारों को अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद मैहर, अमरपाटन एवं रामनगर के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपने-अपने नगरीय क्षेत्रों के लिए चार्ज जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply