पावनसिटी समाचार हरदा
धनगांव के महेश गौर ने विगत सीजन में डेढ़ लाख रूपये की मछली बेची
कलेक्टर ने जिले के कृषकों को मत्स्योपादन से जोड़ने के दिये निर्देश
हरदा – जिले के टिमरनी विकासखण्ड के धनगांव निवासी  महेश गौर ने मत्स्य उद्योग विभाग की योजना का फायदा लेने अपने खेत की 0.1 हेक्टेयर भूमि में मत्स्योत्पादन का कार्य प्रारम्भ किया। उन्होने विगत सीजन में इस तालाब से डेढ़ लाख रूपये की मछली का विक्रय किया। इसी तरह ग्राम उड़ा की कृषक श्रीमती वंदना संजय बांके भी अपने खेत में बनाये तालाब से मत्स्योत्पादन कर लाभ कमा रहीं है। उक्त दोनों कृषक मत्स्योद्योग विभाग की इस योजना से प्रसन्न हैं एवं मिल रहे मुनाफे को फायदेमंद बताते हैं।
बुधवार को जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने उक्त दोनों मत्स्योत्पादक तालाबों का अवलोकन किया। उन्होने विभागीय अधिकारियों को जिले के अन्य कृषकों को भी मत्स्योत्पादन से जोड़ने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने अपने भ्रमण में रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होने यहां आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होने अस्पताल भवन में चिकित्सकों के फोन नम्बर अंकित कराने के भी निर्देश दिये।
ग्राम फुलड़ी के हाई स्कूल के निरीक्षण के दौरान जैन ने परीक्षा परिणामों की जानकारी ली। साथ ही स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाने के मौजूद राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये। कलेक्टर ने स्कल परिसर में एक हेण्डपम्प लगाने एवं स्कूल पहुँचने वाले मार्ग का पक्का निर्माण कराने के लिये भी अधिकारियों को निर्देशित किया। रहटगांव के शासकीय एकीकृत काशीबाई पालीवाल कन्या हाई स्कूल में स्मार्ट कक्षाओं का निरीक्षण कर शिक्षकों को बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के निर्देश दिये। उन्होने यहां कोडिंग सीख रहे विद्यार्थियों से भी चर्चा की। रहटगांव में ही शासकीय जूनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में उन्होने छात्राओं की आवास एवं भोजन निर्माण व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान एसडीएम संजीव कुमार नागू, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण रवि कन्नौजिया, जिला शिक्षा केन्द्र के परियोजना समन्वयक बलवन्त पटेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री सारंग 9 जनवरी को जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे
हरदा – प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री एवं हरदा जिले के प्रभारी मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। जारी कार्यक्रम अनुसार प्रभारी मंत्री श्री सारंग प्रातः 7 बजे कार द्वारा भोपाल से प्रस्थान कर 10ः30 बजे हरदा पहुँचकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। प्रभारी मंत्री श्री सारंग दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट में आयोजित पत्रकारवार्ता में विकसित भारत-जी राम जी  विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम) को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे तथा दोपहर 12ः30 बजे जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में सम्मिलित होंगे। मंत्री श्री सारंग दोपहर 1ः30 बजे हरदा से भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।

रोजगार मेले में 83 युवाओं का प्राथमिक चयन
हरदा – युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरूवार को शासकीय आई टी आई हरदा में युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। जिला रोजगार अधिकारी श्री लक्ष्मण सिंह सिलोटे ने बताया कि मेले में पांच कंपनियों ने भाग लेकर कूल 83 आवेदकों का प्राथमिक चयन कर ऑफर लेटर प्रदान किये। इस दौरान 14 आवेदकों का अप्रेंटिसशिप हेतु चयन किया गया। मेले में 110 आवेदको ने अपना पंजीयन कराया था। मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 31 आवेदकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। साथ ही कॉउंसलर्स द्वारा 30 युवक युवतियों की काउंसलिंग भी की गई।

डॉ. प्रियंका शारदे का संविदा अनुबंध समाप्त
हरदा – मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह से प्राप्त जानकारी अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्य प्रदेश ने संविदा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका शारदे का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। यह कार्यवाही जिला चिकित्सालय हरदा में उनके खिलाफ मरीजों से दुर्व्यवहार, प्रसव के लिए अनाधिकृत राशि मांगने और कर्तव्यों में लापरवाही की कई शिकायतों के बाद की गई। उल्लेखनीय है कि डॉ. शारदे पर कई हितग्राहियों ने सिजेरियन ऑपरेशन के बदले 8 हजार रूपये की अनाधिकृत राशि मांगने का आरोप लगाया था। जांच समिति के निरीक्षण के दौरान अन्य नवजातों के माता-पिता ने भी 5 हजार से 8 हजार रूपये तक की राशि देने की जानकारी दी थी।

जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक 9 जनवरी26
हरदा – प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री एवं हरदा जिले के प्रभारी मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक 9 जनवरी को आयोजित की जायेगी। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दोपहर 12ः30 बजे से आयोजित की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में निर्धारित समय पर जानकारी सहित उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये है।

युवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा स्वामी विवेकानंद का जन्मदिवस
12 जनवरी को प्रदेश के विद्यालयों में होगा सामूहिक सूर्य-नमस्कार
विद्यार्थियों को बताया जाएगा योग और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का महत्व
हरदा – प्रदेश में 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद का जन्मदिवस युवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थाओं में सामूहिक सूर्य-नमस्कार का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्वामी विवेकानंद के विचारों पर केंद्रित प्रेरणादायी शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग ने सामूहिक सूर्य-नमस्कार एवं इससे जुड़े कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश की समस्त शिक्षण संस्थाओं में 12 जनवरी को प्रातः 9 बजे से प्रातः 10ः30 बजे तक एक साथ सामूहिक सूर्य-नमस्कार कराया जाएगा। यह आयोजन एक संकेत पर एक साथ संपन्न किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का रेडियो के माध्यम से प्रसारण भी किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर प्रत्येक जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल
12 जनवरी को आयोजित सामूहिक सूर्य-नमस्कार कार्यक्रम में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सामूहिक सूर्य-नमस्कार में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। इस अवसर पर विद्यार्थियों को योग एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी।

खेलो एमपी यूथ गेम्स 10 से 31 जनवरी तक
खेलो एमपी यूथ गेम्स के तहत प्रोमो प्रचार-प्रसार कार्यक्रम सम्पन्न
हरदा – मध्यप्रदेश शासन खेल और युवा कल्याण विभाग के निर्देश अनुसार मध्य प्रदेश का ओलम्पिक ‘‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’’ का आयोजन 10 से 31 जनवरी तक 4 चरणों ब्लॉक, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। ब्लॉक समन्वयक सलमा खान ने बताया कि इस दौरान जिले में खो खो, कबड्डी, रस्साकसी एथेलेटिक्स, वॉलीबॉल, तैराकी, पिट्टू, योग, बैडमिंटन, कुश्ती, फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट लेदर बॉल एवं टेबल टेनिस, मलखम, बैडमिंटन, शतरंज, बॉक्सिंग, जूडो, टेनिस, तायकांडो जैसे 21 खेलो का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के खिलाड़ियों तक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से खेल विभाग द्वारा खेलो एमपी यूथ गेम्स प्रोमो प्रचार प्रसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच. पी सिंह, कबड्डी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी श्री जगदीश शर्मा, खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्री विक्रांत अग्रवाल, क्रीड़ा अधिकारी श्री रामनिवास जाट, फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री राजेश बिलिया, श्री बसंत राजपूत, योग शिक्षक सुश्री पूजा गहलोत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। खेलो एमपी यूथ गेम्स के प्रोमो प्रोग्राम में बालिका वर्ग फुटबॉल एवं बालिका रस्साकसी एवं मलखम खेल का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सिंह ने खिलाड़ियों को अपने उद्बोधन में कहा कि खेलने के साथ अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। साफ संतुलित भोजन समय पर लें, जो प्रत्येक खिलाड़ी के लिए आवश्यक है।

महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
हरदा- कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हरदा में गुरूवार को महिला उत्पीड़न एवं संरक्षण समिति द्वारा महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी सुश्री अरुणा सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सुश्री अनीता शर्मा रही। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ संगीता बिले ने महिला उत्पीड़न एवं सुरक्षा पर अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुश्री सिंह ने विद्यार्थियों को महिलाओं से संबंधित कानून से अवगत कराया। विशिष्ट अतिथि सुश्री शर्मा ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी श्री विनय कुमार विछोतिया ने महिलाओं को आत्मनिर्भर होने के लिए प्रोत्साहित किया एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी। इस अवसर पर महिला उत्पीड़न एवं संरक्षण समिति के गठन की जानकारी दी गई।