पावनसिटी समाचार हरदा
हरदा _- किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारी एवं किसानों के लिए जैविक उत्पाद क्रय करने हेतु जैविक हाट बाजार का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड हरदा में नेहरु स्टेडियम के गेट नंबर 2 के पास बुधवार को जैविक हाट बाजार लगाया गया। उप संचालक कृषि जे.एल. कास्दे ने बताया कि इस बाजार में किसानों द्वारा दैनिक जीवन में उपयोग में आने वाली सामग्री जैसे सब्जी, आयल, गुड़, दालें, गेहूं, चना आदि जैविक उत्पाद के विक्रय हेतु स्टॉल लगाये गये। इस दौरान 65 उपभोक्ताओं तथा 32 अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य के लिये जैविक उत्पाद क्रय किये गये।
उप संचालक श्री कास्दे ने जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारी, उपभोक्ता एवं कृषक बंधुओ से अनुरोध किया है कि आपके विकासखंड में साप्ताहिकी जैविक हाट बाजार से जैविक उत्पाद क्रय कर अपने एवं अपने परिवार के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएं। उन्होने बताया कि विकासखंड हरदा में प्रत्येक बुधवार को नेहरु स्टेडियम गेट नंबर 2 के पास, विकासखंड टिमरनी में प्रत्येक शुक्रवार को कृषि उपज मंडी प्रागंण टिमरनी तथा विकासखंड खिरकिया में प्रत्येक मंगलवार को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय, रेलवे स्टेशन के पास जैविक हाट बाजार लगाया जा रहा है।

