पावनसिटी हरदा
हरदा – समूचे प्रदेश में 2 से 8 अप्रैल के बीच शासकीय सेवकों की क्षमतावर्धन के लिये आयोजित किये जा रहे साधना सप्ताह अंतर्गत गुरूवार को जिले के अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर  सतीश राय, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण इवने ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आईगॉट पोर्टल पर उपलब्ध प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के माध्यम से शासकीय सेवकों की कार्यक्षमता एवं मानवीय क्षमताओं में वृद्धि करना है।
प्रशिक्षण में अभियान अंतर्गत साधना सप्ताह क्रियान्वयन समूह का गठन, प्रशिक्षण लक्ष्य एवं विषयवस्तु, पूर्व तैयारी एवं उन्मुखीकरण, व्यक्तिगत प्रोफाइल सुधार, प्रगति की समीक्षा एवं रिर्पोटिंग की विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रभारी कलेक्टर ने किया उपार्जन केंद्रों और जल गंगा संवर्धन कार्यों का औचक निरीक्षण
हरदा/ प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा श्रीमती अंजली जोसफ जोनाथन ने गुरूवार को चना एवं मसूर उपार्जन केन्द्रों, ग्रामीण विकास विभाग के कार्य तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जोसफ ने कृषि उपज मंडी टिमरनी एवं हरदा का भ्रमण कर उपार्जन शेड, पेयजल व्यवस्था, कंट्रोल रूम की स्थापना, साफ-सफाई तथा सीसीटीवी कैमरे आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने तथा उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो इस हेतु संबंधित मंडी सचिवों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती जोसेफ ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम पंचायत चारखेड़ा, बरकला, मनियाखेड़ी तथा आलमपुर के शासकीय भवनों में निर्माणाधीन रैन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों का निरीक्षण किया। ऐसे शासकीय भवन जिनमें पूर्व से रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं हैं, वहां आगामी 7 दिवस में रैन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों को लेने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत, सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं ग्राम पंचायतों को दिए गए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत आलमपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत निर्मित कुआ रिचार्ज के कार्य का निरीक्षण किया गया एवं पंचायत भवन में स्थापित हैंडपंप के पास जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत सोक पिट बनाने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को दिए गए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मनियाखेड़ी में एकीकृत माध्यमिक शाला एवं आंगनवाड़ी केन्द्र मनियाखेड़ी व चारखेड़ा का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया गया साथ ही उपस्थित बच्चों से चर्चा कर मध्यान्ह भोजन मेन्यू के बारे जानकारी ली गई तथा मध्यान्ह भोजन में उपयोग होने वाली सामग्री का अवलोकन भी किया गया। ग्राम पंचायत चारखेड़ा में पोषण वाटिका, ग्राम पंचायत बरकला में निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण कर भवन में रैन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लिए जाने के निर्देश ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत अमले को दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत टिमरनी सुश्री चेतना पाटिल, सहायक यंत्री श्री प्रवीण वर्मा, उपयंत्री तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

समाधान योजना के द्वितीय चरण की अवधि में डेढ़ माह का विस्तार
अब 15 मई 2026 तक मिलेगा 90 फीसदी तक सरचार्ज में छूट का लाभ
जल्दी आएं, एक मुश्त भुगतान कर ज्यादा लाभ पाएं
हरदा  मध्य प्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 के द्वितीय चरण की अवधि डेढ़ माह और बढ़ा दी गई है। बकायादार उपभोक्ताओं की सतत भागीदारी और उनके उत्साह को देखते हुए योजना के द्वितीय चरण की अवधि अब 15 मई 2026 कर दी गई है। पिछले साल 3 नवंबर से शुरू हुई समाधान योजना 2025-26 में शामिल होकर लाखों बकायादार उपभोक्ताओं ने छूट का लाभ लिया है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि तीन माह से अधिक के बकायादार उपभोक्ता योजना के द्वितीय चरण में शामिल होकर अपना बकाया बिल एकमुश्त जमा करके 90 फीसदी तक सरचार्ज माफी का लाभ उठा सकते हैं।
मध्यप्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 के लागू होने से ऐसे अनेक उपभोक्ता हैं जो बकाया बिल जमा कर रहे हैं और एकमुश्त बकाया राशि जमा करने पर अधिकतम छूट का लाभ ले रहे हैं। यह योजना उन बकायादार उपभोक्ताओं के लिए वरदान बनी है जो सरचार्ज के कारण मूलधन राशि जमा नहीं कर पा रहे थे। अब उन्हें समाधान योजना के द्वितीय चरण में सरचार्ज में 70 से लेकर 90 प्रतिशत तक छूट के साथ एकमुश्त अथवा किस्तों में भुगतान करने पर 50 से लेकर 60 प्रतिशत तक छूट का विकल्प मिल रहा है।
समाधान योजना 2025-26 एक नजर में
समाधान योजना 2025-26 का उद्देश्य 3 माह से अधिक अवधि के उपभोक्ताओं को बकाया विलंबित भुगतान के सरचार्ज पर छूट प्रदान करना है। यह योजना जल्दी आएं, एकमुश्त भुगतान कर ज्यादा लाभ पाएं के सिद्धांत पर आधारित है। दो चरणों में लागू इस योजना के दूसरे और अंतिम चरण में 15 मई 2026 तक बकाया बिल जमा करने पर 50 से लेकर 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफ किया जा रहा है। समाधान योजना 2025-26 का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल हेतु portal.mpcz.in पर पंजीयन कराना होगा। कंपनी के उपाय एप एवं कॉमन सर्विससेंटर (सीएससी) तथा एमपी ऑनलाइन पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। पंजीयन केदौरान अलग-अलग उपभोक्ता श्रेणी के लिए पंजीयन राशि निर्धारित की गई है। घरेलू एवं कृषि उपभोक्ता कुल बकाया राशि का 10 प्रतिशत तथा गैर घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ता कुल बकाया राशि का 25 प्रतिशत भुगतान कर पंजीयन कराकर योजना में शामिल होकर लाभ उठा सकते हैं। विस्तृत विवरण तीनों कंपनियों की वेबसाइटों पर भी देखा जा सकता है साथ ही विद्युत वितरण केंद्र में पहुंचकर भी योजना के संबंध में जानकारी ले सकते हैं।

Leave a Reply