Application under Strong Corps CampaignNarmadapuram News

Narmadapuram News : कलेक्टर सोनिया मीना ने संयुक्त विभागीय जिला परामर्श दात्रि समिति की बैठक में कर्मचारी संगठनों से कहा कि कर्मचारी सिमित संसाधनों में उत्कृष्ट कार्य करके दिखा रहे हैं। कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य करने से ही शासन प्रशासन मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर की छवि बनती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सभी कार्य एप के माध्यम से किए जाएंगे। विभिन्न प्रकार के एप के प्रति कर्मचारी सकारात्मक दृष्टिकोण रखें। बैठक में कर्मचारी संगठनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया।

कलेक्टर ने कहा कि कर्मचारी संगठनों की जितनी मांगे हैं वह सब जायज हैं, उनकी भावनाएं जायज है। कुछ बिंदु पर जिला स्तर से कार्यवाही होना है जिसमें हम कर्मचारी संगठनों के साथ समन्वय कर समस्याओं का निराकरण कर लेंगे। वहीं पदोन्नति जैसे मामले हैं जो शासन स्तर से होने हैं वहां प्राथमिकता से शासन को इस बात से अवगत कराया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि फील्ड लेवल का कार्य हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है। एक आशा कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सचिव पटवारी तथा डॉक्टर फील्ड लेवल पर कार्य करते हैं तो यह उनकी प्रतिदिन की परीक्षा है।

कलेक्टर ने कहा कि हम सबको शासकीय कार्य करने में आनंद का अनुभव होता है, यदि कोई कर्मचारी अवकाश के दिनों में कार्य करना चाहता है तो वह अवश्य करें। उन्होंने कहां की फील्ड लेवल का कार्य सबसे महत्वपूर्ण एवं कठिन है, इसमें हर समय जनता की भलाई के लिए कार्य किया जाता है, हम सब का दायित्व है कि हम शासन के उद्देश्यों की प्राथमिकता से पूर्ति करें। जनता को शासकीय योजनाओं एवं लाभ से अधिक से अधिक लाभान्वित करें।

कलेक्टर ने कहा कि आवश्यकता है कि ग्राम स्तरीय अमला भी अच्छा कार्य करें। कर्मचारियों के बेहतरीन कार्य करने से जनता के बीच एक सकारात्मक छवि निर्मित होती है । कलेक्टर ने कहा हमारी नौकरी हमारे जीवन का आधार है।

कलेक्टर कहां की हम सब पर्व एवं त्योहार पर भी अपनी ड्यूटी निभाते हैं ताकि जनता अपने पर्व एवं त्यौहार अच्छे से मना सके। यह हमारे शासकीय नौकरी का एक दायित्व है जिसे हमें पूरा करना होता है।

कर्मचारी संगठनों ने मांग की की वर्ष में एक बार कर्मचारियों को उनकी सेवा पुस्तिका दिखाई जाए और उनके हस्ताक्षर लिए जाएं। कर्मचारी संगठनों ने कहा कि कई विभाग ऐसे हैं जहां पर वर्षों से कर्मचारियों की सीआर नहीं लिखी गई है, इससे कर्मचारियों की पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान में विलंब हो रहा है।

कर्मचारी संगठनों ने बताया कि जहां पर पद खाली है वहां पर उच्च पद का प्रभार कर्मचारियों को दिया जाए। उन्होंने कहा कि कई बार शासकीय अवकाशों पर भी कर्मचारियों से कार्य लिया जाता है। पर्व एवं त्योहारो पर भी हर बार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है इससे कर्मचारी स्वयं अपने परिवार के साथ पर्व एवं त्यौहार नहीं मना पाते है। कर्मचारी संगठनो के पदाधिकारी ने बताया कि कई एप कार्य सुविधा की दृष्टिकोण से बनाए गए हैं लेकिन नेटवर्क ना होने की वजह से कई बार एप पर कार्य नहीं कर पाते हैं।

कर्मचारी संघो ने मांग की की आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सचिव को समय पर वेतन मिल जाए। वही अजाक्स संगठन के कर्मचारियों ने मांग की की अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग के लोगों के आवेदन थाने में प्राथमिकता से लिए जाएं।