पावनसिटी-संकल्प से समाधान अभियान के जिला स्तरीय शिविर में नागरिकों को हितलाभ वितरित किए गए
खंडवा – “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत क्लस्टर स्तरीय और विकासखंड स्तरीय शिविरों के बाद सोमवार को “जिला स्तरीय” शिविर का आयोजन खंडवा के गौरीकुंज सभागृह में किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के माध्यम से “आपकी सरकार आपके द्वार पर पहुंचकर आपको सरकार की योजनाओं का लाभ घर बैठे दे रही है”। उन्होंने इस अभियान को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सराहना की। इस अवसर पर खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, मांधाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, खंडवा विधायक के प्रतिनिधि मुकेश तनवे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ नागार्जुन बी. गौडा,पंधाना जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा काले और छैगांवमाखन के जनपद अध्यक्ष महेंद्र सावनेर, सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर सरकार की विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित करने हेतु स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
प्रभारी मंत्री लोधी ने इस अवसर पर कहा कि खंडवा के जिला प्रशासन ने इस अभियान के तहत सराहनीय कार्य किया है, इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिले में ग्राम पंचायतों के क्लस्टर और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जा चुके हैं, तथा आज जिला स्तर पर शिविर का आयोजन कर प्रत्येक व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई है।
पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने “आयुष्मान भारत योजना” शुरू की है । यह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले गरीब परिवारों में किसी सदस्य को गंभीर बीमारी हो जाने पर मरीज इलाज के अभाव में या तो मर जाते थे, या इलाज के कारण परिवारों पर इतना कर्जा हो जाता था जिसे वो कभी चुका नहीं सकते थे। जब से आयुष्मान भारत योजना शुरू हुई है तब से गरीब परिवारों के सदस्यों के गंभीर बीमारियों के इलाज देश के जाने-माने बड़े शहरों के प्राइवेट अस्पतालों में भी निशुल्क होने लगा है। उन्होंने कहा कि जो लोग आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र नहीं है, उनके उपचार के लिए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से भी गरीबों को इलाज के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है । उन्होंने बताया कि पंधाना विधानसभा क्षेत्र में गत दो वर्षों में तीन करोड रुपए की मदद क्षेत्र के गरीब लोगों के इलाज के लिए संबंधित परिवार को दिलाई गई है।
मांधाता विधायक नारायण पटेल ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश वर्ष-2047 तक विकसित देश की श्रेणी में आ जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से नागरिकों की समस्याएं कम हो रही हैं, और उनकी आय बढ़ रही है। विधायक श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण, और उन्हें सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से सरकार ने संकल्प से समाधान अभियान शुरू किया था, जो अपने लक्ष्य में शतप्रतिशत सफल सिद्ध हुआ है।
महापौर श्रीमती अमृत अमर यादव ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक स्तर को सुधार कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृतसंकल्पित है उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान बढ़ाने के लिए सरकार ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाडली बहना योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसी अनेक योजनाएं शुरू की है । उन्होंने कहा कि पूर्व मे बालिका के जन्म पर घर में खुशियां नहीं मनाई जाती थी। अब बेटी किसी के लिए बोझ नहीं है। स्व सहायता समूह और सरकार की योजनाओं के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं। प्रदेश में अब बेटी के जन्म पर खुशियां मनाई जाती हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े ने आज के कार्यक्रम में सरकार की योजनाओ से लाभान्वित सभी हितग्राहियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब “संकल्प से समाधान अभियान” के तहत शिविर आयोजित कर गांव में घर बैठे ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने इस अवसर पर बताया कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत चार चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत जिले में लगभग 93 हजार आवेदन प्राप्त हुए इनमें से पात्रता के आधार पर लगभग 85 हजार आवेदकों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में इन हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया
गौरीकुंज सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने जिन हितग्राहियों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया, उनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्री संदीप बोरासी, निर्मला बाई, छाया बाई, सोनाली राठौर, श्री सुंदरलाल महाजन शामिल हैं। जिन हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित किया गया उनमें
कमलेश नामदेव, राधेश्याम पटेल, वसंत वर्मा संदीप सोलंकी, आकाश साल्वे, बलवंत मण्डलोई, रूपसिंह मालाकार, श्रीमति ऋतु बाई, क्षमाबाई, चरण सिंह कुशवाह, जशोदा बाई शामिल हैं। इसके अलावा शासन की अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन श्री संदीप जोशी ने किया।

