पावनसिटी खण्डवा
कलेक्टर गुप्ता ने पुनासा विकासखण्ड की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही के दिए निर्देश
खण्डवा  कलेक्टर  ऋषव गुप्ता ने बुधवार को ओंकारेश्वर के पुलिस कंट्रोल रूम के सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में पुनासा विकासखण्ड के अधिकारियों व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व स्वास्थ्य जांच निर्धारित समय पर की जाएं। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के 9 माह के दौरान कम से कम 4 बार महिला का स्वास्थ्य परीक्षण गांव की स्वास्थ्य कार्यकर्ता व सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा आवश्यक रूप से किया जाए। यदि गर्भवती महिला के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान महिला को स्वास्थ्य सम्बंधी कोई समस्या पाई जाती है, तो विकासखण्ड या जिला स्तर पर स्थित अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उसका उपचार कराया जाए, ताकि प्रसव के समय परेशानी न हो। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ओ पी जुगतावत के अलावा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रश्मि कौशल, डी पी एम शैलेंद्र सोलंकी, पुनासा के विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाईजर्स, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं कंप्यूटर ऑपरेटर्स भी मौजूद थे।
कलेक्टर  गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच सम्बंधी जानकारी विभाग के पोर्टल पर आवश्यक रूप से दर्ज की जाए। उन्होंने एनीमिक गर्भवती महिलाओं के मामले में विशेष सावधानी बरतने के लिए चिकित्सा अधिकारियों व एएनएम को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए कहा।
डॉक्टर्स एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का वेतन काटने के लिए निर्देश
कलेक्टर  गुप्ता ने क्षय रोग मरीजों की स्क्रीनिंग कर, पोर्टल पर अपडेट न करने पर ग्राम रिछफल के मेडिकल ऑफिसर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर का एक-एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम मोहना के ऑपरेटर का एक माह का वेतन काटने, ग्राम सरलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तथा एएनएम का एक माह का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर  गुप्ता ने बैठक में प्रसव पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण न करने तथा पोर्टल पर एंट्री न करने पर ग्राम सुलगांव की एएनएम के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने तथा मेडिकल ऑफिसर का एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए। क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मरीजों की स्क्रीनिंग समय पर न करने पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने मूंदी की एएनएम के विरुद्ध कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए । इसके साथ ही उन्होंने ग्राम पामाखेड़ी की एएनएम का एक माह वेतन काटने के निर्देश भी दिये। गर्भवती महिलाओं की जानकारी पोर्टल पर समय पर अपडेट ना करने पर कलेक्टर गुप्ता ने सिविल अस्पताल ओंकारेश्वर के आपरेटर राहुल मालाकार को पद से पृथक करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर  गुप्ता ने मोरटक्का एवं केलवा के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का एक-एक माह का वेतन काटने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply